बागेश्वर में संगठन की बैठक का शुभारंभ करते विधायक और पूर्व विधायक।
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। उत्तरांचल लोक निर्माण विभाग मिनिस्टीरियल एसोसिएशन के कुमाऊं क्षेत्र की पहली त्रैमासिक बैठक लोनिवि निरीक्षण भवन में हुई। बैठक में संघ की छह प्रमुख मांगों पर चर्चा की गई। पदाधिकारियों ने समस्याओं के निदान और संगठन की मजबूती के लिए एकजुट होकर कार्य करने की बात कही।
बृहस्पतिवार को हुई बैठक का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक चंदन राम दास, विशिष्ट अतिथि पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण ने किया। संगठन के प्रांतीय महामंत्री आनंद सिंह पुजारी के सम्मुख पदाधिकारियों ने प्रमुख समस्याओं को उठाया। बैठक में कर्मचारियों ने पुरानी पेंशन बहाली, पदोन्नत कार्मिकों के निकट भविष्य में किए जाने वाले समायोजन, सुगम-दुर्गम का पुन: निर्धारण, प्रशासनिक अधिकारी, वरिष्ठ अधिकारी मुख्य प्रशासनिक अधिकारी को गृह जनपद में नियुक्ति नहीं देने, गोल्डन कार्ड में संशोधन, नव निर्वाचित कुमाऊं क्षेत्र की कार्यकारिणी का विस्तार आदि बिंदुओं पर चर्चा की। प्रांतीय महामंत्री पुजारी ने कहा कि संगठन सभी प्रमुख समस्याओं के हल के लिए एकजुट होकर लड़ेगा। वहां पर एसोसिएशन के प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल जोशी, क्षेत्रीय महामंत्री कंचन कुमार, राम सिंह भैसोड़ा, जीव चंद्र पांडेय, देवराज सिंह, राजेंद्र प्रसाद आर्या आदि थे।