बागेश्वर। पंडित बीडी पांडेय परिसर के बीएड विभाग के पासआउट प्रशिक्षु विश्वविद्यालय की लापरवाही का खामियाजा भुगत रहे हैं। 2021-23 सत्र के प्रशिक्षुओं को ऑनलाइन रिजल्ट घोषित होने के एक साल बाद भी अंकपत्र नहीं मिले हैं। इस वजह से बीएड प्रशिक्षु प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए आवेदन नहीं कर पा रहे हैं।
प्रशिक्षु बीते एक साल से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। वर्तमान में यूकेएसएसएससी की ओर से एलटी सहायक अध्यापक की भर्ती के लिए विज्ञप्ति जारी की गई है, लेकिन अंकपत्र नहीं आने से 55 प्रशिक्षु आवेदन नहीं कर पा रहे हैं। इसके अलावा निजी स्कूलों में नौकरी करने की मंशा भी पूरी नहीं हो पा रही है। प्रशिक्षु अन्य परीक्षाओं के लिए आवेदन भी नहीं कर पा रहे हैं। यूकेएसएसएससी की भर्ती परीक्षा आवेदन की अंतिम तिथि 16 अप्रैल है यदि तब तक अंकपत्र नहीं पहुंचे तो प्रशिक्षुओं की तीन साल की मेहनत बर्बाद हो जाएगी। संवाद
कोट
ऑनलाइन रिजल्ट घोषित होने के बाद भी मूल अंकपत्र नहीं दिए गए। विश्वविद्यालय से हो रही देरी के कारण दिकक्तों का सामना करना पड़ रहा है। - रोहित कुमार, बीएड प्रशिक्षु
योग्य होने के बावजूद एलटी सहायक अध्यापक की भर्ती के लिए आवेदन नहीं कर पा रहे हैं। आवेदन के लिए मूल अंकपत्र की मांग की गई है। - आकाश कुमार, बीएड प्रशिक्षु
विश्वविद्यालय ने समय पर अंकपत्र नहीं दिए तो हमारा एक साल बर्बाद हो जाएगा। एलटी की विज्ञप्ति कई साल बाद निकली है।
- त्रिलोक सिंह बीएड प्रशिक्षु
कोट
सत्र 2021-23 के प्रशिक्षु के परीक्षा परिणाम ऑनलाइन माध्यम से घोषित कर दिए गए थे, लेकिन अंकपत्र विभाग के पास नहीं पहुंचे हैं। - डॉ. पंकज कुमार दुबे, विभागाध्यक्ष बीएड विभाग, पंडित बीडी पांडेय परिसर, बागेश्वर
कोट
विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक के सामने मामला उठाया गया है। परीक्षा नियंत्रक ने अंकपत्र उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है। -डॉ. दीपा कुमारी, निदेशक पंडित बीडी पांडेय परिसर बागेश्वर