बागेश्वर के स्टेशन मार्ग में साप्ताहिक बंदी के दिन भी दिखी चहल-पहल। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। होली का त्योहार बीतने के बाद साप्ताहिक बंदी के दिन भी बाजार में चहलपहल दिखी। छुट्टियां मनाकर लौट गांवों से जिला मुख्यालय पहुंच रहे लोगों और महानगरों को लौटने वालों से बाजार गुलजार रहा। हालांकि जरूरी सामान के विक्रेताओं के अलावा अन्य दुकानदारों के प्रतिष्ठान बंद ही रहे।
रविवार को जिला मुख्यालय का बाजार पूरी तरह से बंद रहता है। साप्ताहिक बंदी के चलते बाजार में भी सुनसानी छाई रहती है। बावजूद इसके होली का त्योहार बीतने के बाद साप्ताहिक बंदी के दिन बाजार में रौनक दिखी। सुबह से दोपहर तक बाजार की सभी प्रमुख सड़कों पर छुट्टियां मनाकर लौटने वाले दिखाई दिए। वहीं, दो दिन तक प्रतिष्ठान बंद रखने वाले किराना स्टोर, सब्जी विक्रेता, मिष्ठान विक्रेताओं ने भी अपनी दुकानें खुली रखीं। जहां लोग खरीदारी करते भी देखे गए। हालांकि होली के अवकाश के चलते अधिकांश सब्जी विक्रेताओं के यहां ताजी सब्जियां नहीं पहुंची थी। जिसके कारण ताजा सब्जी के लिए लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सब्जी विक्रेता महेश नाथ, भूपेंद्र जोशी आदि ने बताया कि होली और छलड़ी के चलते सब्जी के वाहन नहीं पहुंचे हैं। जिसके कारण ताजी सब्जी की कमी बनी हुई है। सोमवार की सुबह तक सब्जी की गाड़ी पहुंच जाएगी।