बागेश्वर के विकास भवन में सीएम स्वरोजगार योजना का साक्षात्कार करते सीडीओ। विज्ञप्ति
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। विकास भवन सभागार में जिला स्तरीय टास्क फोर्स कमेटी ने मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के लिए आवेदकों का साक्षात्कार लिया। कमेटी ने 51 बेरोजगारों को स्वरोजगार करने के लिए 1 करोड़ 45 लाख 43 हजार रुपये की ऋण की स्वीकृति दी। योजना के ऋण के लिए 73 लोगों ने आवेदन किया था जिसमें एक आवेदन को अस्वीकृत किया गया। 21 आवेदक साक्षात्कार में नहीं पहुुंचे।
प्रभारी सीडीओ संजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में आवेदकों को योजना के तहत बकरी पालन, मुर्गी पालन, भैंस पालन, पोल्ट्री फॉर्म, डेयरी उद्योग, रेडीमेड गारमेंट्स, जनरल स्टोर, मेडिकल स्टोर, खच्चर पालन, ब्यूटी पार्लर, वाहन, ऑटो मोबाइल, कारपेंटर, सिलाई-बुनाई और कॉस्मेटिक व्यवसाय के लिए ऋण देने की स्वीकृति मिली। सीडीओ ने कहा कि योजना का उद्देश्य बेरोजगार युवाओं और प्रवासियों को रोजगार से जोड़ना और रोजगार की तलाश में हो रहे पलायन को कम करना है।
उन्होंने जिला उद्योग के महाप्रबंधक और बैंकर्स से स्वीकृत आवेदन पत्रों के आधार पर प्राथमिकता से लाभार्थियों को ऋण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बैठक में महाप्रबंधक जीपी दुुर्गापाल, ग्रामोद्योग अधिकारी केएस कर्म्याल, सीवीओ डॉ. आर चंद्रा, प्रबंधक ग्रामीण बैंक धनी लाल सहित अन्य विभागीय अधिकारी और बैंकर्स मौजूद रहे।