बागेश्वर के बहुली राजीव गांधी नवोदय विद्यालय परिसर में कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री बालकृष्ण क?
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। राजीव गांधी नवोदय विद्यालय में अभिभावक-शिक्षक संघ की बैठक के दौरान अव्यवस्थाओं के लिए अभिभावकों का गुस्सा फूट पड़ा। नाराज अभिभावकों ने स्कूल परिसर में प्रदर्शन कर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रधानाचार्य का घेराव कर भवन, शौचालय का निर्माण सहित अन्य समस्याओं के हल की मांग उठाई।
स्कूल में सर्दियों के अवकाश शुरू हो गए हैं। अवकाश से पूर्व शनिवार को अभिभावक-शिक्षक संघ की बैठक हुई। अभिभावकों का आरोप है कि अब तक स्कूल का भवन नहीं बन सका है। गैस गोदाम भवन में इसका संचालन किया जा रहा है। आवासीय स्कूल में शौचालयों की स्थिति बेहद खराब है। शिक्षकों सहित प्रधानाचार्य का पद रिक्त है। कई बार प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से शिकायत के बावजूद समस्या का हल नहीं हुआ। वहां पर भाजपा जिलाध्यक्ष शिव सिंह बिष्ट, विनोद जोशी, तारा दत्त खुल्बे, ममता मेहता सहित 100 से अधिक अभिभावक थे।
15 वर्ष से संचालित स्कूल का अपना भवन नहीं होना अपने आप में सवाल है। वॉर्डन तैनात नहीं हैं। लैब और खेल मैदान भी उपलब्ध नहीं है। स्कूल हाईवे से सटा हुआ है लेकिन सुरक्षा दीवार नहीं बनी है। मुख्यमंत्री को देहरादून जाकर भी समस्या बताई लेकिन बच्चों के साथ हो रहे खिलवाड़ को रोकने के लिए कोई कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।
मुरलीधर जोशी, अध्यक्ष अभिभावक-शिक्षक संघ
राजीव नवोदय विद्यालय अव्यवस्थाओं का गढ़ बना हुआ है। शासन की ओर से विद्यालय को कोई सुविधा मुहैया नहीं कराई जा रही है। गैस गोदाम के बगल में स्कूल का संचालन खतरनाक है। डीएम और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों को निरीक्षण कर समस्या का हल करना चाहिए।
रंजीत दास, कांग्रेस नेता