बागेश्वर। जिले में वनाग्नि के बढ़ते मामलों के बीच वन विभाग ने जंगल पार्टी करने वालों के खिलाफ सख्ती बरतनी शुरू कर दी है। छतीना के जंगल में पार्टी कर रहे युवाओं को वन विभाग की टीम ने मौके पर जाकर खदेड़ा। लोगों से फायर सीजन के दौरान जंगल पार्टी करने से बचने की अपील की है।
जिले में वनाग्नि के सात मामले अब तक दर्ज हो चुके हैं। विभाग का मानना है कि कहीं अराजक तत्व वनों को आग लगा रहे हैं तो कहीं लोगों की लापरवाही या भूल से जंगल जल रहे हैं। छुट्टी के दिन जंगल पार्टी करने वाले लोग भी आग लगने का कारण बन रहे हैं। पार्टी के दौरान युवा जंगल में खाना बनाते हैं। कहीं पर सिगरेट और शराब का सेवन भी किया जाता है। ऐसे में आग लगने का खतरा बना रहता है। ऐसे ही एक मामले में विभाग ने जंगल पार्टी कर रहे युवाओं की टोली को खदेड़ा। रेंजर श्याम सिंह करायत ने बताया कि छतीना के जंगल में कुछ युवा जंगल पार्टी कर रहे थे। एक ओर खाना बन रहा था, जबकि दूसरी ओर जुआ चल रहा था। सूचना टीम मौके पर गई तो पार्टी कर रहे लोग भाग खड़े हुए। संवाद
इनसेट
पूजा के बाद जलता दीया छोड़ने से लगी आग
बागेश्वर। जंगल पार्टी ही नहीं जंगलों में पूजा करना भी वनाग्नि का कारण बन रहा है। सोमवार सुबह करीब चार बजे नीलेश्वर मंदिर के समीप जंगल में पूजा कराने आए लोग जलता दीया छोड़कर चले गए। दीदे की लौ से पिरूल में आग लग गई। जानकारी मिलने के बाद वन विभाग की टीम ने मौके पर जाकर आग पर काबू पाया। रेंजर करायत ने बताया कि जिस स्थान पर आग लगी थी, वहीं समीप में वन विभाग ने प्लांटेशन किया है। जंगल में पूजा करने वालों से भी उन्होंने आग या दीया जलता हुआ छोड़कर न जाने की अपील की। संवाद
इनसेट
उपराड़ा और बास्ती के जंगल जले, आबादी तक पहुंची आग
बागेश्वर/कांडा। वनाग्नि की घटनाओं में लगातार इजाफा हो रहा है। रविवार की रात धरमघर रेंज के वन पंचायत बास्ती और कमेड़ीदेवी के उपराड़ा बीट में आग लगने से वन संपदा को नुकसान हुआ है। जंगलों की आग से जिला मुख्यालय समेत घाटी वाले इलाकों में धुंआ फैलता जा रहा है।
बास्ती के जंगल में लगी आग फैलते हुए आबादी की तरफ पहुंच गई। आग बास्ती गांव के देव सिंह के मकान और गोशाला तक पहुंच गई। रात को घर के समीप तक आग पहुंचने से परिवार सकते में आ गया। तत्काल वन विभाग को सूचना दी गई। वन कर्मियों के पहुंचने तक आग ने मकान को चपेट में ले लिया था। गनीमत रही कि वन विभाग की टीम सही समय पर पहुंच गई और तत्काल आग को काबू कर किसी तरह के जानमाल का नुसकान होने से बचा लिया गया। रेंजर प्रदीप कांडपाल ने बताया कि बास्ती और उपराड़ा में लगी आग को काबू कर लिया गया है।