सीएमएस बोले सोमवार से होगी वैकल्पिक व्यवस्था
बागेश्वर। जिला अस्पताल में पांच दिन से अल्ट्रासाउंड सुविधा ठप है। दोनों रेडियोलॉजिस्ट के अवकाश पर जाने से अल्ट्रासाउंड कक्ष में ताला लटका है। स्वास्थ्य विभाग अब तक वैकल्पिक व्यवस्था भी नहीं कर सका है। इस कारण रोजाना 35 से 40 मरीजों को बाहर से अतिरिक्त धन खर्च कर अल्ट्रासाउंड कराने पड़ रहे हैं।
जिला अस्पताल में तैनात रेडियोलॉजिस्ट डॉ. कुमोद पंत मेडिकल अवकाश पर हैं। दूसरी रेडियोलॉजिस्ट डॉ. आराधना नेगी 29 जनवरी से 15 दिन की छुट्टी पर हैं। जिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड ठप हैं। वहीं, सीएचसी बैजनाथ में दो-दो रेडियोलॉजिस्ट तैनात हैं। इसके बावजूद स्वास्थ्य विभाग जिला अस्पताल में वैकल्पिक व्यवस्था नहीं करा पाया है। रोजाना जिला मुख्यालय समेत कांडा, काफलीगैर, दुग नाकुरी तहसील क्षेत्र के मरीज जिला अस्पताल में इलाज कराने आते हैं। जिनमें कई मरीजों को अल्ट्रासाउंड कराना पड़ता है, लेकिन रेडियोलॉजिस्ट नहीं होने से अल्ट्रासाउंड कक्ष में लटका ताला लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है।
कोट- वैकल्पिक व्यवस्था के आदेश हो गए हैं। बैजनाथ में तैनात रेडियोलॉजिस्ट सोमवार से जिला अस्पताल में आकर अल्ट्रासाउंड करेंगे। -डॉ. एसपी त्रिपाठी, प्रभारी सीएमएस, जिला अस्पताल, बागेश्वर।