पुलिस अधीक्षक एनएस नपलच्याल ने कहा कि जिले के चार थानों में एक जनवरी से ऑनलाइन एफआइआर दर्ज की जाएगी। उन्होंने पुलिस को सरकारी भूमि में अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए। असामाजिक गतिविधियों में लिप्त तत्वों को चिन्हित करके उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा।
एसपी सभागार में बुधवार को हुई बैठक में एसपी ने कहा कि कोतवाली बागेश्वर, थाना कपकोट, बैजनाथ, झिरौली में लोगों को एक जनवरी से ऑनलाइन एफआइआर दर्ज कराने की सुविधा मिलेगी जबकि कांडा, कौसानी में दोनों तरह की सुविधा होगी। पुलिस को अपराधों की रोकथाम, लंबित विवेचनाओं का शीघ्र निस्तारण करने, बाहरी व्यक्तियों का शत-प्रतिशत सत्यापन करने के निर्देश दिए।
जिले के बैंकों, एटीएम की सुरक्षा, नशाखोरी, मादक पदार्थों, नशीली दवाओं की बिक्री रोकने के लिए अधीनस्थों को कड़े निर्देश दिए। एसपी ने जानकारी दी कि एक जनवरी से कांडा में नवसृजित थाना स्थापित हो रहा है। जहां राजेश कुमार यादव पहले थानाध्यक्ष होंगे। एसपी एनएस नपलच्याल ने थानाध्यक्ष से कानून व्यवस्था पर पैनी नजर रखने, जनसेवा में समर्पित भाव से काम करने के निर्देश दिए।
उन्होंने थाना प्रभारियों को कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए निरोधात्मक कार्रवाई करने के लिए निर्देश दिए। बैठक में सीओ धनीराम, सहायक अभियोजन एलएम आर्य, अग्निशमन अधिकारी किशोर राम, नामिका अधिवक्ता गोविंद बल्लभ उपाध्याय, कोतवाल हरक सिंह फिरमाल, एलआईयू निरीक्षक केएस देव आदि थे।