एसबीआई के कैश काउंटर से 35 हजार की रकम उड़ाने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से 32 हजार रुपये की नकदी भी बरामद की गई है। पकड़ा गया व्यक्ति मूल रूप से बागेश्वर जिले के बेड़ा मझेड़ा का रहने वाला है और वर्तमान में गोरापड़ाव हल्द्वानी में रहता है।
बता दें कि एक नवंबर को यूपीसीएल के अकाउंटेंट सुरेश चंद्र उपाध्याय एसबीआई शाखा में 1.35 लाख रुपये जमा कराने पहुंचे थे। इसी समय बैंक कैशियर के किसी काम से केबिन से उठकर बाहर चले जाने और अकाउंटेंट सुरेश चंद्र के फोन पर व्यस्त होने का फायदा उठाते हुए एक व्यक्ति ने काउंटर में हाथ डालकर 35 हजार रुपये उड़ा लिए थे।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस ने तीन टीमें गठित की थीं। सोमवार को मामले का खुलासा करते हुए सीओ वीर सिंह ने बताया कि घटना के दिन बेड़ा मझेड़ा निवासी एक पूर्व फौजी बैंक से पैसा निकालने एसबीआई बागेश्वर आए थे। उसी के साथ गांव का ही नंदा बल्लभ जोशी भी बैंक में आया था।
इसी बीच उसने कैश काउंटर से 35 हजार रुपये चुरा लिए। इसके बाद वह गोरापड़ाव (हल्द्वानी) चला गया। सीसीटीवी फुटेज में पहचान होने के बाद पुलिस टीम आरोपी की लोकेशन ट्रेस करने में जुटी थी। पुलिस के पकड़े जाने की भनक लगने पर नंदा बल्लभ हरिद्वार चला गया था।
पांच नवंबर को जैसे ही वह हल्द्वानी लौटा, पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी के पास से 32 हजार रुपये की नकदी बरामद हुई है। पूछताछ में उसने तीन हजार रुपये खर्च होने की बात कही। गिरफ्तार करने वाली टीम में एसआई मोहन चंद्र पलड़िया, कांस्टेबल वीरेंद्र गैड़ा, शेखर जोशी और महेंद्र सिंह जीना शामिल थे। मामले का खुलासा करने वाली टीम को एसपी मुकेश कुमार ने एक हजार रुपये नकद इनाम देने की घोषणा की है।