बागेश्वर। आत्महत्या के एक मामले में उकसाने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। अदालत के आदेश पर आरोपी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में अल्मोड़ा जेल भेज दिया गया है।
पिछले वर्ष दिसंबर में भिटालगांव, चौरासी निवासी ललित मोहन बिष्ट की रहस्यमय परिस्थितियों में मौत हो गई थी। उसका शव घर के बाहर मिला था। पुलिस को सुसाइड नोट भी मिला। मृतक की पत्नी रजनी ने कुछ लोगों पर शक जताते हुए पुलिस में शिकायत की। तब पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया था।
मामले की जांच के दौरान बागेश्वर के गुरना निवासी नीरज कन्याल पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप पुष्ट हुआ। रविवार सुबह लगभग पौने छह बजे पुलिस टीम ने आरोपी के घर पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस को विरोध का सामना भी करना पड़ा। कोतवाल टीआर वर्मा ने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है। टीम में एसआई महेंद्र प्रसाद, सिपाही हेमंत लुंठी, विजय सिंह, नरेंद्र गोस्वामी आदि थे।