स्कपकोट (बागेश्वर)। पुलिस सोमवार मध्यरात्रि पाइनवुड इंटरनेशनल स्कूल पनौरा के स्कूल में हुई चोरी और तोड़फोड़ की घटना का 24 घंटे बाद भी खुलासा नहीं हो सका है। इससे अभिभावकों में भी रोष बढ़ता जा रहा है। गुस्साए अभिभावकों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही आरोपी नहीं पकड़े गए तो आंदोलन शुरू किया जाएगा।
बता दें कि सोमवार रात ने गिरोह में आए चोरों ने पाइनवुड इंटरनेशनल स्कूल पनौरा के विद्यालय के मुख्य द्वार पर लगे शीशों को तोड़ दिया था। इसके अलावा भीतर कंप्यूटरों और छह-सात कमरों की खिड़कियों के शीशे तोड़कर अकाउंटेंट की अलमारी से 11,500 रुपये भी चुरा लिए थे। मामले में प्रबंधक हरीश बिष्ट ने पुलिस में नामजद रिपोर्ट लिखाई थी।
सूचना मिलने पर एसडीएम ने मौका मुआयना कर पुलिस को मामले की शीघ्र जांच करने के निर्देश दिए थे। अध्यापक अभिभावक संघ के अध्यक्ष त्रिलोक सिंह आदि ने पुलिस से घटना का शीघ्र पर्दाफाश करके आरोपियों की शीघ्र धरपकड़ करने की मांग की है।