बागेश्वर। एसपी रामचंद्र राजगुरु ने कोतवाली में आयोजित बैठक में कानून व्यवस्था को लेकर विभागीय अधिकारियों को जरूरी दिशा निर्देश दिए। बैठक में उपस्थित वरिष्ठ नागरिकों, व्यापारियों, छात्र नेताओं ने नगर की यातायात व्यवस्था का मुद्दा प्रमुखता से उठाते हुए इसमें सुधार की मांग की।
एसपी ने जिला अस्पताल और बाईपास पर जाम की समस्या पैदा न हो इसके लिए यातायात नियंत्रित करने को लेकर ठोस प्रयास करने को कहा। तहसील रोड, कठायतबाड़ा आदि स्थानों पर रात में सड़कों के किनारे खड़े वाहनों को सुबह के समय हटाने के निर्देश दिए। आवारा जानवरों के कारण राहगीरों को हो रही परेशानी को देखते हुए पालिका से समस्या से निजात दिलाने को कहा गया।
बैठक में बताया गया कि नगर में केवल अति आवश्यक सेवा वाले वाहन ही आवाजाही कर सकेंगे। अन्य वाहन बाईपास से होकर संचालित होंगे। एसपी ने पुलिस अधिकारियों को अवैध रूप से शराब की बिक्री, होटलों और रेस्टोरेंटों में शराब पिलाने और 18 वर्ष से कम आयु के किशोरों द्वारा वाहन चलाने पर कार्रवाई के निर्देश दिए।
बैठक में सीओ वीर सिंह, एलआईयू इंस्पेक्टर केएस देव, कोतवाल टीआर वर्मा, यातायात निरीक्षक भूपेश पांडेय, प्रकाश जोशी, देवेंद्र अधिकारी, इंद्र सिंह, लक्ष्मी किरमोलिया, नंदन रावल, बहादुर सिंह, दीवान सिंह, पंकज टम्टा, धरणीधर जोशी आदि थे।