कपकोट (बागेश्वर)। वन विभाग से बाजार आ रहा एसडीआरएफ का वाहन डंपर को पास देते समय खाई में गिर गया। दुर्घटना के समय वाहन में चालक सहित तीन जवान मौजूद थे। दुर्घटना में किसी जवान को चोट नहीं आई।
मंगलवार दोपहर एसडीआरएफ के जवान भगवत सिंह, दीपक रावत और सुंदर सिंह वाहन (यूके 08-जीए 0354) से गैस सिलेंडर भराने के लिए वन विभाग से भराड़ी की ओर आ रहे थे। वाहन को जवान सुंदर सिंह चला रहा था।
भराड़ी के निकट कपकोट-सामा मोटर मार्ग पर डंपर को पास देते समय वाहन अनियंत्रित होकर 10 फीट नीचे मंदिर परिसर में पलट गया। दुर्घटना के बाद तीनों जवान वाहन से बाहर निकलकर सड़क पर पहुंचे। तीनों जवानों को कोई चोट नहीं पहुंची। दुर्घटना की जानकारी मिलने पर आसपास के कई लोग मौके पर पहुंचे। एसडीएम आरएस बिष्ट और थानाध्यक्ष यूआर आर्या ने भी दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया।