बागेश्वर। कोरोना महामारी से बचाव के लिए शुरू हुए टीकाकरण को रविवार को एक साल पूरा हो गया है। स्वास्थ्य महकमे को शासन से 1,72,210 लोगों के टीकाकरण का लक्ष्य मिला था, इसके सापेक्ष अब तक 2,30,089 लोगों को टीके की पहली डोज लगाई जा चुकी है। इसमें 13,082 किशोर भी शामिल हैं। वहीं ओमिक्रॉन से बचाव के लिए लग रही प्रिकॉशन डोज 3066 लोग लगवा चुके हैं।
जिले में टीकाकरण की शुरुआत से ही काफी तेज गति से कार्य हुआ था। सात महीने में पहली डोज का लक्ष्य हासिल हो गया था। वर्तमान में भी टीके की पहली डोज लगाने का काम जारी है। जिले में 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में 2,17,007 लोग कोविड टीके की पहली डोज लगवा चुके हैं। वहीं 1,60,169 लोगों को कोरोना टीके की दूसरी डोज लग चुकी है।
नोडल अधिकारी टीकाकरण डॉ. प्रमोद जंगपांगी ने बताया कि फिलहाल पहली, दूसरी डोज के साथ प्रिकॉशन डोज लगाने का काम भी चल रहा है। जिले में 13993 किशोरों के टीकाकरण का लक्ष्य मिला है, इसके सापेक्ष केवल 911 किशोरों का टीकाकरण होना है।
दूसरी डोज के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम घर-घर जाकर अभियान चला रही है। प्रिकॉशन डोज के लिए नगर के तहसील, नगरपालिका, विकास भवन में केंद्र बनाए गए हैं, जहां अग्रिम पंक्ति, स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों और 60 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों का टीकाकरण चल रहा है।