बागेश्वर के गिरेछीना रोड के द्वारिकाछीना में सड़क मरम्मत के चलते यातायात रहा बाधित। विज्ञप्ति
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। बागेश्वर-गिरेछीना मार्ग पर द्वारिकाछीना के पास सड़क पर पड़ी दरार की मरम्मत के चलते शुक्रवार को यातायात बाधित रहा। द्वारिकाछीना में पहाड़ी काटकर सड़क को चौड़ा किया जा रहा है। यातायात बाधित रहने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
तीन दिन पूर्व द्वारिकाछीना के पास सड़क पर लंबी दरार पड़ गई थी। बृहस्पतिवार को लोनिवि के अधिकारियों के मुआयने के बाद शुक्रवार से सड़क की मरम्मत के लिए पहाड़ी कटान का काम किया गया। पहाड़ी को काटकर सड़क को चौड़ा किया जा रहा है। इस कारण सड़क पर यातायात बाधित रहा। सड़क पर यातायात बाधित होने के कारण गिरेछीना की ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
लोनिवि के ईई राजकुमार सिंह ने बताया कि पहाड़ी को काटकर चौड़ीकरण का कार्य किया जा रहा है। चुनाव के दौरान सड़क को दुरुस्त रखना प्राथमिकता है, ताकि पोलिंग पार्टियों के आवागमन में किसी तरह की परेशानी न हो।
कीचड़ से सना मेहनरबुंगा बाईपास
बागेश्वर। नगर के कांडा रोड से मेहनरबुंगा होते हुए बिलौना तक बाईपास तैयार किया गया है। कांडा रोड से चंडिका मंदिर होते हुए पुलिस लाइन रोड तक सड़क पक्की है। वहां से करीब दो किमी हिस्से में सड़क कच्ची है। हाल की बारिश से कच्ची सड़क कीचड़ से सन गई है। कीचड़ से सनी सड़क पर वाहन संचालन में दिक्कत आ रही है। सड़क की बदहाली के कारण बाईपास का उपयोग नहीं हो पा रहा है।