बागेश्वर में इलेक्ट्रानिक्स की दुकान में घुसा सांड़। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। नगर में लावारिस सांड़ों का आतंक बढ़ते जा रहा है। बुधवार को सांड़ नगर के मालरोड में इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान में घुस गया। दुकानदार और अन्य लोगों ने बमुश्किल सांड़ को दुकान से भगाया। सांड़ राहगीरों पर भी हमला कर रहे हैं।
बुधवार दोपहर एक लावारिस सांड़ मालरोड में इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान में जा घुसा और वहां सामान को नुकसान पहुुंचाया। दुकान में कुछ देर तक अफरातफरी रही। लोगों ने बमुश्किल सांड़ को दुकान से बाहर खदेड़ा। दुकान से बाहर निकलते ही सांड़ राहगीरों पर हमला करने पर उतारू हो गया और लोगों ने भाग कर जान बचाई। इधर, दो दिन पहले सांड़ ने पूर्व नगर पालिकाध्यक्ष गीता रावल की सास द्रौपदी देवी पर हमला कर दिया था। नगर में 10 से अधिक लावारिस सांड़ हर समय घूमते रहते हैं। सड़कों, पुलों पर इनका कब्जा रहता है। सांड़ों के आतंक से लोगों का जीना दूभर हो गया है। नगरपालिका और जिला प्रशासन सांड़ों से निजात दिलाने के लिए कोई कदम नहीं उठा रहा है।