बागेश्वर/कपकोट/कांडा। आगामी 19 अप्रैल को होने वाले लोकसभा चुनाव में जिले का मत-प्रतिशत बढ़ाने के लिए निर्वाचन विभाग पूरा जोर लगा रहा है। स्वीप की विभिन्न टीमें गांव-गांव जाकर मतदाताओं को अनिवार्य रूप से वोट डालने के लिए प्रेरित कर रही हैं। बृहस्पतिवार को स्वीप के सहायक नोडल अधिकारी आलोक पांडेय के नेतृत्व में टीम ने कांडा बाजार, कांडा पड़ाव आदि क्षेत्रों में दीवार लेखन के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाया। कांडा में मतदाताओं को वोट करने की शपथ दिलाई गई। टीम में कन्हैया वर्मा, हिमांशु चौबे, दीपक ड्योड़ी मौजूद थे।
वहीं सहायक नोडल अधिकारी उमेश चंद्र जोशी के नेतृत्व में दुधिला में चांचरी, गोष्ठी के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम में मतदाताओं को मतदाता द्वार पत्र वितरित किए गए। मतदान के लिए शपथ पत्र भरवाए गए। कपकोट के मल्लादेश में स्वीप सदस्य बृजेंद्र पांडेय और दफौट के बिरतोली में प्रकाश चंद्र पांडेय के नेतृत्व में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम किए गए। सहायक नोडल अधिकारी पांडेय ने बताया कि प्रत्येक बूथ पर जाकर टीम लोगों को जागरूक करेगी। संवाद