बागेश्वर के आदर्श प्राथमिक विद्यालय में बना सखी बूथ। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। 14 फरवरी को जिले की दो विधानसभा सीटों के लिए 376 मतदान केंद्रों में वोट डाले जाएंगे। शांतिपूूर्ण और निष्पक्ष मतदान संपन्न कराने के लिए 1744 मतदान कार्मिकों की तैनाती की गई है। इनमें पीठासीन, प्रथम, द्वितीय मतदान अधिकारी सहित रिजर्व कर्मचारी शामिल हैं। जिले में पांच आदर्श और दो सखी बूथ भी बनाए गए हैं।
विधानसभा चुनाव में बागेश्वर विधानसभा क्षेत्र में 1,18,311 और कपकोट सीट में 99,309 मतदाता वोट करेंगे। मतदान को लेकर सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बागेश्वर और कपकोट में बने एक-एक सखी बूथ को सजाया गया है। सखी बूथ में महिला मतदान कार्मिकों को तैनात किया जाएगा। दो बूथों के लिए चार मतदान पार्टियों को प्रशिक्षण दिया गया है। इनमें एक-एक मतदान पार्टी रिजर्व में रखी गई है। दोनों विधानसभा सीटाें के लिए 432 मतदान टीमें बनाई गई हैं। इनमें 188-188 मतदान टीमें पोलिंग बूथ में तैैनात होंगी, जबकि 58 मतदान टीमें रिजर्व में रखी गई हैं।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
बागेश्वर। विधानसभा चुनाव के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। चार जोनल और 68 सेक्टरों में विभाजित दोनों विधानसभा क्षेत्रों में चार राजपत्रित अधिकारी, छह निरीक्षक, 29 उपनिरीक्षक, पांच वन दरोगा, 43 वरिष्ठ आरक्षी, 277 आरक्षी, 47 फायरमैन, 477 होमगार्ड, 244 पीआरडी, 38 वन रक्षक, एक कंपनी आईआरबी, दो कंपनी और दो प्लाटून आईटीबीपी और एक प्लाटून सीआरपीएफ पर चुनाव को शांतिपूर्ण और भयमुक्त संपन्न कराने की जिम्मेदारी है।