बागेश्वर। कपकोट तहसील में हुई मानसूनी बारिश का कहर भानी-हरसिंग्याबगड़ मोटर पर मार्ग पर टूटा है। खारबगड़ के पास सड़क का काफी बड़ा हिस्सा रेवती नदी में समा गया है। इससे क्षेत्र के आधा दर्जन से अधिक गांवों का संपर्क तहसील मुख्यालय से कट गया है। पांच हजार से अधिक की आबादी इससे प्रभावित है। ग्रामीणों ने विभाग से जल्द मोटर मार्ग खुलवाने की मांग की है।
कपकोट में मानसूनी बारिश का दौर जारी है। रविवार की सुबह तक क्षेत्र में 55 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। भारी बारिश का असर क्षेत्र के मोटर मार्गों पर भी देखने को मिल रहा है। भानी-हरसिंग्याबगड़-विनायक मोटर मार्ग पर बारिश कहर बनकर टूटी। खारबगड़ के पास मोटर मार्ग में नदी की ओर से भूस्खलन हुआ और सड़क का करीब 30 मीटर हिस्सा नदी में समा गया। जिसके कारण यातायात ठप हो गया है। सड़क पर पैदल चलने में भी हादसे का खतरा बढ़ गया है।
भानी से विनायक को जोड़ने वाले मोटर मार्ग से खारबगड़, हरसिंग्याबगड़, नौकोड़ी, कुमुद, बड़ेत, बमनखेत, टंगरोरा, बुरखोला जाबरखेत आदि गांव के लोग आवागमन करते हैं। सड़क के ध्वस्त होने से ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है। ग्रामीण जरुरी सामान और रोजमर्रा के काम के लिए कपकोट और भराड़ी बाजार आते हैं। सड़क बंद होने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।इस स् थान पर पहाड़ी को काटकर नए सिरे से सड़क का निर्माण करना पड़ेगा।
यूट्यूबर प्रदीप ने बनाया सड़क ध्वस्त होने का वीडियो
बागेश्वर। हरसिंग्याबगड़ के युवा यूट्यूबर प्रदीप कोरंगा ने भानी-हरसिंग्याबगड़ मोटर मार्ग के ध्वस्त होने का वीडियो बनाकर इसकी सूचना दी। उन्होंने सड़क के ध्वस्त होने के बाद का वीडियो भी बनाया है। उन्होंने बताया कि सड़क के निचले भाग में भूस्खलन हुआ। जिसके जद में आने से सड़क सहित कई पेड़ भी नदी में समा गए हैं। रविवार को सुबह बागेश्वर को आते समय उन्हें बाइक निकालने में परेशानी का सामना करना पड़ा। किसी तरह से जोखिम उठाकर उन्होंने क्षतिग्रस्त सड़क से बाइक को निकाला।
कई स्थानों पर हो रहा है भूस्खलन
बागेश्वर। यूट्यूबर प्रदीप ने बताया कि भानी-विनायक मोटर मार्ग पर कई स्थानों पर भूस्खलन हो रहा है। खारबगड़ के पास सड़क ध्वस्त हो गई है, जबकि कुमुद और बेइयाबगड़ में भी लगातार पहाड़ी से सड़क पर मलबा गिर रहा है। जिसके कारण सड़क पर चलने वालों के लिए खतरा बढ़ गया है।
शामा से होकर आना पड़ेगा कपकोट
बागेश्वर। खारबगड़ के पास मोटर मार्ग बाधित होने से कपकोट और भराड़ी आने वालों को शामा से होकर आना पड़ेगा। इसके लिए ग्रामीणों को 35 किमी की अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ेगी। गाड़ी का किराया भी अधिक देना होगा।
कोट
भानी-हरसिंग्याबगड़ मार्ग बंद होने की सूचना मिलते ही जेसीबी को सड़क खोलने भेज दिया गया है। हालांकि खारबगड़ के पास सड़क ध्वस्त होने की सूचना मिल रही है। जिसका मौका मुआयना कराने के बाद सड़क खोलने के उपाय ढूंढे जाएंगे।
एसके पांडेय, अधिशासी अभियंता, लोनिवि
इन सड़कों पर बाधित रहा यातायात
बागेश्वर। 21 जुलाई से बंद कंधार-लोहागड़ी, 31 जुलाई से बंद बिजोरीझाल-ओखलसों 28 जुलाई से बंद गरुड़-द्योनाई सड़क पर रविवार को भी यातायात बहाल नहीं हुआ। रविवार को तीन और सड़कों पर यातायात बाधित रहा। आपदा प्रबंधन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार सिमगड़ी, कपकोट-कर्मी, नामती-चेटाबगड़ सड़क मलबा गिरने से बाधित रही। सड़कें बंद होने से 25 हजार से अधिक की आबादी को परेशानी झेलनी पड़ी। सड़कों को खोलने का काम चल रहा है। (संवाद)