रजबपुर थाना क्षेत्र के गांव लंबिया के रहने वाले किसान महेंद्र सिंह का 18 वर्षीय पुत्र दीपेंद्र उर्फ दीसू गजरौला निकट खादगूजर स्थित केएसके एकेडमी में 12वीं का छात्र था। वह पिछले छह वर्षों से हास्टल में रहकर पढ़ाई कर रहा था। 29 फरवरी को उसका शव हास्टल में फंदे पर लटकता मिला था।
उसके गले पर गहरे जख्म, हाथों और कमर पर कट के निशान मिले हैं। मृतक के पिता ने स्कूल प्रबंधक और उसके बेटे व वार्डन के विरुद्घ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। वारदात के पांच दिन बाद भी हत्यारोपियों की अभी तक गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। हत्यारोपियों की गिरफ्तारी न होने से परिजन और ग्रामीणों में आक्रोश पनप रहा है। शुक्रवार को परिजन, ग्रामीण और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का पुलिस के खिलाफ गुस्सा फूट पड़ा।
कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन करते हुए हत्यारोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। प्रदर्शन करने वालों में वीरेंद्र सिंह, ब्रजवीर सिंह, सतेंद्र सिंह, हरेंद्र सिंह, अतुल अलूना, राविंद्र शर्मा, देवेंद्र सिंह, समरपाल सिंह, सामेंद्र सिंह, विवेक कुमार, नसीम सहित काफी संख्या में महिलाएं मौजूद रही।
डीएम ने दिया न्यायिक जांच का आश्वासन
मृतक छात्र दीपेंद्र के परिजनों ने रोते-बिलखते हुए जिलाधिकारी से न्याय की गुहार लगाई। डीएम वेद प्रकाश ने न्यायिक जांच कराकर आरोपियों की गिरफ्तारी का मृतक के परिजनों को आश्वासन दिया है।
हत्यारोपियों की गिरफ्तारी को एबीवीपी गरजी
अमरोहा। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने भी कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन करते हुए मृतक छात्र दीपेंद्र के हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की आवाज उठाई। मामले में पुलिस की ओर से बरती जा रही ढिलाई पर नाराजगी जताई। केएसके एकेडमी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन करने वालों में विभाग संयोजक नरेंद्र धारीवाल, जिला संयोजक गौरव गुर्जर, सचिन चौधरी, नितिन चौधरी, प्रेम नारायण, विकास चौहान, अतुलेश कुमार, गौरव कुमार, रिंकू सैनी, पंकज सैनी, प्रदीप चौधरी, मोहित गुर्जर, अतुलेश भारद्वाज आदि मौजूद रहे।
पूर्व कैबिनेट मंत्री ने की कार्रवाई की मांग
अमरोहा। मृतक दीपेंद्र के परिजनों के साथ पूर्व कैबिनेट मंत्री चौधरी चंद्रपाल सिंह, अमरोहा ब्लॉक प्रमुख जयदेव सिंह, भारतीय किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष चौधरी उम्मेद सिंह, भारतीय किसान यूनियन (भानु) के प्रांतीय महासचिव चौधरी दिवाकर सिंह, सुरेंद्र सिंह, जयकीरत सिंह आदि लोगों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। साथ ही हत्या प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। इस संबंध में डीएम से वार्ता भी की।