अमरोहा। शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला दानिशमंदान स्थित जाटव धर्मशाला में आयोजित पार्टी में खाना खाने को लेकर हुए विवाद में कुछ लोगों ने रविवार सुबह एक घर में हमला बोल दिया। हमलावरों ने भाई-बहन और मां को पीटकर बेदम कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने पीड़ित की मां की अंगुलियां भी चबा डाली। पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला दानिशमंदान में जाटव धर्मशाला में शनिवार रात दूरसंचार विभाग से रिटायर हुए कर्मचारी की पार्टी चल रही थी। उसी समय खाना खाने को लेकर सोनू से सुबोधनगर कालोनी निवासी सतीश के बेटे विक्की का विवाद हो गया। दोनों ने एक-दूसरे को गालियां देनी शुरू कर दी। इतने में लोगों की भीड़ लग गई और मामले को शांत करा दिया गया। आरोप है कि रविवार सुबह लगभग आठ बजे थाना अमरोहा देहात क्षेत्र के सुबोधनगर कालोनी निवासी सतीश, मनीष, आशू अपने साथियों के साथ लाठी-डंडा लेकर मोहल्ला दानिशमंदान स्थित सोनू के घर में घुस आया और उसकी पिटाई करनी शुरू कर दी। उसने बचने की कोशिश की,तो उन लोगों ने घर में दौड़ा लिया और पीट-पीटकर बेदम कर दिया। सोनू की मां पारो व बहन सीमा बचाने आई तो उन लोगों की भी पिटाई की। मारपीट करने वालों ने सोनू की मां की अंगुलियां चबा डाली। शोरशराबा होने पर मोहल्ले के लोगों ने बमुश्किल सोनू और उसकी मां को बचाया। पीड़ित की ओर से मामले की तहरीर दी। पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली।