तिगरी धाम (अमरोहा)। तिगरी गंगा मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को सवारियों की दिक्कत से दो चार नहीं होना पड़ेगा। इस बार परिवहन निगम ने 49 बसें लगाने का मन बनाया हैं। साथ ही जरूरत पड़ने पर संख्या में बढ़ोत्तरी भी की जा सकती है। इसके लिए मुख्य गेट के समीप रोडवेस बस अड्डा भी बनाया जा रहा है। मालूम हो कि कार्तिक पूर्णिमा पर लगने वाले तिगरी गंगा मेले में जिले समीप आसपास के तमाम जनपदों के श्रद्धालु आते हैं। इनमें कुछ तो अपने वाहनों से आते हैं और अधिकांश ट्रेनें व बस का सफर कर मेला स्थल तक पहुंचते हैं। इसमें ट्रेनें और बसों से सफर करने वाले श्रद्धालुओं को दिक्कतों से दो चार होना पडता है। मगर इस बार ऐसा नहीं होगा। परिवहन निगम ने तिगरी मेले को लेकर खाका तैयार कर लिया है। मेला स्थल पर अस्थाई रोडवेज बस अड्डा बनाया जाएगा। जहां पर 49 बसें लगाई जाएगी। जो नियमित रूप से सड़क पर दौड़ती रहेगी। मेलार्थियों की भीड़ को देखते हुए मुरादाबाद व पीतलनगरी डिपो से भी और बसें लगाई जाएगी। एआरएम नरेंद्र कुमार गंगवार ने बताया मेले में डिपो की 49 बसों को लगाया जाएगा। जरूरत पड़ने पर मुरादाबाद और अन्य डिपो से भी बसें मंगाई जाएंगी। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की दिक्कत नहीं आने दी जाएगी।