अमरोहा। पावर कारपोरेशन के एमडी ने बिजली बिल की फर्जी रसीद काटने के मामले में एसडीओ, अवर अभियंता और डिवीजन के बडे़ बाबू को सस्पेंड कर दिया है। विजीलेंस टीम ने छापेमारी कर एक कोल्हू पर बिजली चोरी पकड़ी थी। इन तीनों ने मिलकर कोल्हू संचालक की फर्जी रसीद बैक डेट में काट दी थी। शिकायत पर एमडी ने यह कार्रवाई की है।
पिछले महीने विजिलेंस टीम को कोठी खिदमतपुर क्षेत्र के गांव जमनाखास, बसेड़ा में चोरी की बिजली से कोल्हू चलाने की सूचना मिली। विजिलेंस ने छापेमारी कर कोल्हुओं पर बिजली चोरी पकड़ ली थी। इस मामले में एसडीओ देहात दीपांशु शाह, अवर अभियंता राजवीर कटारिया और डिवीजन के बडे़ बाबू राजीव ने मिलीभगत कर बिजली के बिल की फर्जी रसीद काटकर कोल्हू संचालकों को थमा दी। इस मामले की शिकायत किसी ने पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम के एमडी से कर दी। मामले को गंभीरता से लेकर एमडी ने एसडीओ दीपांशु शाह को सस्पेंड कर दिया। जबकि निर्देश पर एसई एमके सक्सेना ने अवर अभियंता राजवीर कटारिया और डिवीजन के बडे़ बाबू राजीव को सस्पेंड कर दिया। तीनों के सस्पेंड होने पर बिजली विभाग में खलबली मची हुई है।
एसडीओ और जेई पर था दो स्थानों का चार्ज
अमरोहा। एसडीओ दीपांशु शाह और अवर अभियंता राजवीर कटारिया पर एक नहीं बल्कि दो-दो स्थानों का चार्ज है। बता दें कि एसडीओ की तैनाती देहात क्षेत्र में हैं। लेकिन डिवीजन में कोई और एसडीओ नहीं होने के कारण शहर का चार्ज भी था। वहीं, जेई की तैनाती कोठी खिदमतपुर बिजलीघर में थी। लेकिन शहर का सबसे वीआईपी इलाका कलक्ट्रेट बिजलीघर का चार्ज भी था।
एमके सक्सेना (अधीक्षण अभियंता अमरोहा)
कोल्हू संचालक की बैक डेट में फर्जी रसीद काटने के मामले में एमडी ने एसडीओ को सस्पेंड कर दिया। जबकि अवर अभियंता और बाबू को भी सस्पेंड किया गया है।