बैजनाथ में झील में डूबने वाले युवक की फाइल फोटो
- फोटो : GARUD
गरुड़ (बागेश्वर)। साथियों के साथ बैजनाथ की कृत्रिम झील में नहाते वक्त बाड़ेछीना अल्मोड़ा के एक युवक की डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने उसके शव को झील से बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए बागेश्वर भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार तुषार बिष्ट (21) पुत्र प्रदीप सिंह निवासी सील बाड़ेछीना (अल्मोड़ा) अपने तीन साथियों के साथ बैजनाथ झील देखने आया था। झील में नहाने के दौरान वह अचानक झील में डूब गया। उसे डूबते देख साथियों और बैजनाथ मंदिर के दर्शन करने आए पर्यटकों ने शोर मचाया। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष बैजनाथ कैलाश बिष्ट भी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से युवक को झील से बाहर निकाला। पुलिस युवक को मोहन सिंह मेहता सीएचसी बैजनाथ ले गई जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने युवक के साथियों से पूछताछ की। मृतक की जेब से उसका आधार कार्ड बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार मृतक कॉल सेंटर कौसानी में काम करता था। पुलिस ने मृतक की बहन और उसके परिजनों को घटना की सूचना देने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए बागेश्वर भेज दिया है।
झील बने हो गए तीन साल, सुरक्षा के इंतजाम आज तक नहीं
गरुड़ (बागेश्वर)। बैजनाथ झील को अस्तित्व में आए तीन साल से ज्यादा समय हो चुका है। सुरक्षा के नाम पर बैजनाथ झील के आसपास गोताखोर आज तक तैनात नहीं किए गए हैं। मंदिर परिसर में तैनात एसआईएस सुरक्षा एजेंसी के जवान यदि युवक को झील में नहाने के लिए मना कर देते तो शायद रविवार को झील में डूबने से युवक की मौत नहीं होती।
कई बार स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने इस संबंध से प्रशासन से वार्ता भी की लेकिन कोई हल नहीं निकला। स्थानीय जनता ने मंदिर परिसर से निजी सुरक्षा कंपनी के जवान हटा कर पूर्व की भांति पुलिस बल तैनात करने की मांग की है। झील के अस्तित्व में आने के बाद किसी के यहां डूबने से मौत की यह पहली घटना है।