चौखुटिया (अल्मोड़ा)। एयर वाइस मार्शल आलोक शर्मा के साथ पहुंची वायु सेना की पांच सदस्यीय टीम ने वायुसेना के प्रस्तावित हवाई अड्डे के लिए ग्राम पंचायत हाट, झलां और बसनल गांव में चयनित भूमि का निरीक्षण किया। इससे पहले अधिकारी वायु सेना के हेलीकॉप्टर से खचार में बने हेलीपैड पर उतरे। फिर वहां से सेना के वाहनों से मौके पर पहुंचे। इस मौके पर प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।
चौखुटिया के हाट-झलां और बसनल गांव में प्रस्तावित वायु सेना के हवाई अड्डे के निर्माण की कवायत तेज हो गई है। 50 हेक्टेयर भूमि पर बनने वाले इस हवाई अड्डे की लंबाई ढाई किलोमीटर और चौड़ाई दो सौ मीटर प्रस्तावित है। पहले 43 हेक्टयेर भूमि चयनित की गई थी। बाद में इसमें इजाफा कर दिया गया।
बृहस्पतिवार को इलाहाबाद से पहुंचे एयर वाइस मार्शल बरेली उतरने के बाद वहां से चौखुटिया पहुंचे। खचार हेलीपैड पर प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। बाद में वायु सेना और प्रशासनिक अधिकारी हाट-झलां के लिए रवाना हो गए। एयर वाइस मार्शल शर्मा ने अधिकारियों की टीम के साथ प्रस्तावित भूमि का गहनता से निरीक्षण कर जरूरी जानकारी ली। इस मौके पर एडीएम बीएल फिरमार, एसडीएम आरके पांडे, तहसीलदार हेमंत मेहरा, लोनिवि के विजय सैनी, राजस्व निरीक्षक शंकर गिरि, मनीष बिष्ट, ईश्वर रौतेला, नितिन चौधरी और सोनी सहित कई राजस्व कर्मी मौजूद थे।
बच्चों ने खिंचवाई फोटो
चौखुटिया (अल्मोड़ा)। वायु सेना के अधिकारी करीब पौने दो घंटे तक क्षेत्र में रहे। वायु सेना का विमान सुबह करीब 9:50 बजे खचार हेलीपैड पर उतरा और 11.30 बजे बरेली के लिए उड़ान भरी। इस दौरान विमान को देखने के लिए बच्चे भी काफी संख्या में पहुंच गए। बच्चों ने रानीखेत से वाहनों में आए वायु सेना के अधिकारियों के साथ फोटो भी खिंचवाई। हवाई अड्डे की भूमि का सीमांकन करने में राजस्व निरीक्षक शंकर गिरि, मनीष बिष्ट, ईश्वर रौतेला , शेखर चंद्र, नंदन करायत, नितिन चौधरी के अलावा लोनिवि के अभियंताओं आदि का विशेष योगदान रहा।