कोसी नदी के ऊफान पर आने पर बैराज के खोले गए गेट। (संवाद)
- फोटो : ALMORA
अल्मोड़ा। कोसी नदी उफान पर है। नदी का पानी काफी गंदा हो गया है। इस कारण सोमवार शाम से कोसी से शहर के लिए पानी की पंपिंग नहीं हो सकी है। मंगलवार को शहर और आसपास के इलाके की करीब सवा लाख की आबादी के लिए पानी की आपूर्ति नहीं हो सकी है। ऐसे में बारिश के बावजूद लोगों को पेयजल संकट से जूझना पड़ रहा है।
कोसी नदी से शहर और आसपास के गांवों के लिए पानी की आपूर्ति की जाती है। जल संस्थान कोसी नदी में स्थित तीन पेयजल पंपों से पानी की आपूर्ति करता है। रविवार से हो रही बारिश से कोसी नदी उफान पर है। ऊपरी क्षेत्रों से सिल्ट और मलबे के बहकर आने से कोसी नदी का पानी काफी गंदा हो गया है। इस कारण जल संस्थान को सोमवार शाम 6:45 बजे से पंपिंग रोकनी पड़ी।
इस कारण मंगलवार को शहर और आसपास के इलाकों में पानी की आपूर्ति नहीं हो सकी। पानी न आने कारण लोगों को परेशानी हुई। जरूरत पड़ने पर लोगों ने नौलों और धारों से पानी लाकर गुजारा किया। जल संस्थान के ईई केएस खाती ने बताया कि यदि पंपिंग शुरू नहीं हुई तो बुधवार को भी शहर में पानी आपूर्ति प्रभावित रहेगी।