चौखुटिया के कनौली में मौके पर रखे तख्ते, जिन्हें कर्मचरियों के पहुंचने से पहले ही लगा दिया था ठिक?
- फोटो : ALMORA
चौखुटिया (अल्मोड़ा)। ग्राम कनौली के आरक्षित वन क्षेत्र में अवैध रूप से पेड़ काटने का मामला सामने आया है। कनौली के जंगल में लालूरी गांव एक व्यक्ति ने अवैध रूप से चीड़ का पेड़ काटकर गुपचुप ढंग से तख्ते तैयार किए हैं। शिकायत के बाद मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम के पहुंचने से पहले ही तख्ते आदि ठिकाने लगा दिए गए। वन विभाग संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की बात कर रहा है।
वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत लालुरी निवासी हरिदत्त ने कनौली के आरक्षित वन क्षेत्र के कक्ष संख्या दो में बिना अनुमति के अवैध रूप से चीड़ का पेड़ काटा है। बताया कि विभाग को प्राप्त मौके की वीडियो और फोटो में तख्ते पड़े भी दिखाई दे रहे हैं परंतु विभागीय कर्मचारियों के पहुंचने तक तख्ते हटा दिए गए थे। शिकायतकर्ता बीडीसी सदस्य चंद्रकांता का कहना है लोगों से पूछने पर वन क्षेत्र में इस तरह का अवैध कटान लंबे समय से किए जाने की बात सामने आई है। उन्होंने बताया कि मौके पर 42 तख्ते पड़े थे जो विभागीय कर्मचारियों के पहुंचने से पहले ही हटा दिए गए थे।
कनौली में बिना अनुमति पेड़ काटने के मामले में लालूरी निवासी पूर्व प्रधान हरिदत्त के खिलाफ जुर्माने आदि की कार्रवाई की जा रही है। बिना अनुमति पेड़ काटने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नही जाएगा।
चंद्रशेखर त्रिपाठी, वन दरोगा