तेंदुए के हमले में घायल युवक। संवाद
- फोटो : RANIKHET
रानीखेत/द्वाराहाट। क्षेत्र में तेंदुए का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। तेंदुए ने द्वाराहाट के ईड़ा में एक युवक पर हमला बोल उसे घायल कर दिया। युवक बाराखाम से देर शाम अपने घर की तरफ जा रहा था। घात लगाए तेंदुए ने हमला बोल दिया। हालांकि युवक के हो हल्ले से तेंदुआ वहां से भाग निकला। जालली के एक निजी अस्पताल में युवक का उपचार कराया गया। कुछ दिन पूर्व रानीखेत के गुढोली गांव में भी तेंदुए ने युवक को घायल किया था।
रानीखेत और द्वाराहाट क्षेत्र में इन दिनों तेंदुए ने खासा आतंक मचाया हुआ है। आए दिन लोगों पर तेंदुआ झपट रहा है। जिस कारण लोगों का अकेले जाना दूभर हो चला है। तेंदुए ने ईड़ा क्षेत्र में घात लगाकर 27 वर्षीय युवक ललित आर्य को घायल कर दिया। बताया जा रहा है कि युवक शनिवार देर शाम बाराखाम से अपने घर आ रहा था। इसी बीच तेंदुआ झपट पड़ा। हालांकि हो हल्ला मचाने के बाद तेंदुआ भाग गया। तेंदुए के हमले से ललित के हाथ और कमर में नाखून लगे हैं। देर रात घायल ललित को उपचार के लिए जालली के एक निजी अस्पताल ले जाया गया। बाद में उसे मेडिकल के लिए रानीखेत राजकीय अस्पताल ले जाया गया। ईड़ा के प्रधान मनोज रावत ने बताया कि घटना को लेकर ग्रामीण वन क्षेत्राधिकारी कार्यालय जाएंगे और उनसे मुलाकात कर वहां पिंजरा लगाने की मांग करेंगे। प्रधान ने बताया कि जंगलों में आग लगने से जंगली जानवरों का खतरा बढ़ गया है। वन विभाग के अधिकारियों को सूचना दे दी गई है। इधर, रेंजर मदन लाल ने बताया कि वन विभाग की टीम घटनास्थल पर गई थी लेकिन घायल से मुलाकात नहीं हो पाई है। फिर से विभागीय टीम वहां जाएगी।