अल्मोड़ा। सांस्कृतिक नगरी अल्मोड़ा में विभिन्न स्थानों पर रामलीला मंचन की धूम मची है। रामलीला में कहीं हनुमान जी ने सोने की लंका जलाई तो कहीं लक्ष्मण ने सूपर्णखा की नाक काटी। देर शाम तक रामलीला मंचन हुआ।
रामलीला कमेटी नंदादेवी की ओर से नंदादेवी मंदिर परिसर में आयोजित रामलीला में मंगलवार की रात्रि हनुमान जागर, राम और हनुमान मिलन, अशोक वाटिका प्रसंग, अक्षय कुमार वध, मेघनाद हनुमान संवाद, लंका दहन आदि प्रसंग मंचित किए गए। भगवान श्री राम से मुलाकात में हनुमान कहते हैं को तुम श्यामल गौर शरीरा, क्षत्रिय रूप फिरहूं वनवीरा...। यहां लंका दहन तक की रामलीला का मंचन किया गया। रामलीला कमेटी के अध्यक्ष कुलदीप सिंह मेर ने हनुमान का शानदार अभिनय किया। नगर के धारानौला में आयोजित रामलीला में सीता विलाप, हनुमान श्री राम और सुग्रीव मिलन, शबरी प्रेम, लंका दहन आदि प्रसंगों का मंचन किया गया। मुख्य अतिथि गीता मेहरा, विशिष्ठ अतिथि प्रोफेसर केसी जोशी ने संयुक्त रूप से रामलीला का उद्घाटन किया।
श्री भुवनेश्वर महादेव मंदिर और रामलीला समिति कर्नाटक खोला की ओर से आयोजित रामलीला में मंगलवार की रात्रि पंचवटी प्रसंग, सूर्पणखा नासिका छेदन, खर-दूषण, त्रिसरा प्रसंग वध, रावण-मारीच संवाद, सीता हरण, जटायु उद्धार आदि प्रसंग मंचित किए गए। दिव्या पाटनी ने श्री राम, शगुन त्यागी ने लक्ष्मण, किरन कोरंगा ने सीता, पूर्व दर्जा मंत्री बिट्टू कर्नाटक ने रावण, मनीष जोशी ने साधु मारीच, डा.करन कर्नाटक ने खर, अखिलेश ने दूषण की भूमिका में अभिनय किया। मुख्य अतिथि मेजर सिद्वार्थ कर्नाटक, मेजर मेघा कर्नाटक, विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ रंगकर्मी जया पांडे ने किया। मोहल्ला राजपुर अल्मोड़ा में आयोजित रामलीला में सबरी मिलन से अक्षय वध तक के प्रसंग मंचित किए गए। सीता का अभिनय शीतल रानी, रावण का अभिनय चंद्रशेखर आर्य, भगवान राम का अभिनय कली आर्य, लक्ष्मण का अभिनय स्नेहा प्रसाद ने किया। यहां रामलीला कमेटी अध्यक्ष किशन लाल, मीडिया प्रभारी पीयूष, बिमलेश कुमार, सुनील कुमार बेरी आदि मौजूद थे।
इंसेट
पुतलों के निर्माण में आई तेजी
अल्मोड़ा। नगर में रावण परिवार के पुतलों के निर्माण में तेजी आ गई है। नगर के लक्ष्मी भंडार हुक्का क्लब, चौक बाजार, जौहरी बाजार समेत कई स्थानों पर पुतले बनाए जा रहे हैं। अल्मोड़ा में रावण परिवार के करीब डेढ़ दर्जन से अधिक पुतले बनते हैं। दशहरे के दिन इन पुतलों का शहर में जुलूस निकलेगा। देर रात्रि इन पुतलों का दहन किया जाएगा। संवाद
फोटो- (13एएलएम 04पी, 05पी, 06पी,07पी,08पी)