बिड़ला स्कूल में कर्मचारियों से वार्ता करते विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल। संवाद
- फोटो : RANIKHET
रानीखेत (अल्मोड़ा)। जीडी बिड़ला स्कूल से बगैर नोटिस एक साथ 34 कर्मचारियों को निकाल देने के मामले में बृहस्पतिवार को कर्मचारियों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया है। क्षेत्रीय विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल भी कर्मचारियों के समर्थन में आंदोलन स्थल पहुंचे और प्रधानाचार्य से वार्ता की। कहा कि यदि कर्मचारियों का किसी भी तरह से अहित हुआ तो वे स्वयं उनके साथ धरने पर बैठेंगे। विधायक ने तत्काल प्रबंधन से कर्मचारियों की बहाली कराने के निर्देश भी दिए।
स्कूल में लंबे समय से स्थानीय गांवों के कर्मचारी कार्यरत हैं। पिछले दिनों अचानक कर्मचारियों को बगैर नोटिस निकालने का सिलसिला शुरू हो गया। अचानक 34 कर्मचारियों को हटा दिया गया। कर्मचारियों का आरोप है कि विद्यालय प्रशासन ने बगैर किसी सूचना के उन्हें हटा दिया। कर्मचारियों ने कहा कि प्रबंधन समिति ने अभी तक उनसे इस मसले पर वार्ता भी नहीं की है।
-कर्मचारियों को बगैर नोटिस बाहर कर देना दुर्भाग्यपूर्ण है। विद्यालय प्रबंधन यदि स्कूल बंद करना चाहता है तो कर्मचारियों को अन्य अपने संस्थानों में समायोजित करे। कर्मचारी इस उम्र में अब जाएंगे, कहां कैसे बच्चों का भरण पोषण करेंगे। कर्मचारियों का अहित हुआ तो मैं स्वयं धरने पर बैठूंगा। -डॉ. प्रमोद नैनवाल विधायक रानीखेत।