फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सल्ट में कांग्रेस तो द्वाराहाट में भाजपा के लिए सिर दर्द बनी दावेदारों की फ़ौज

विज्ञापन
Politics in Ranikhet and Dwarahat
विज्ञापन
नवीन भट्ट
विज्ञापन

रानीखेत (अल्मोड़ा)। विधानसभा क्षेत्रों में दावेदारों की बढ़ती फौज ने आगामी विधानसभा चुनाव रोचक बना दिया हैं। ऊंट किस करवट बैठेगा यह बाद की बात है, लेकिन फिलहाल टिकट के लिए दावेदारों की लंबी चौड़ी फ़ौज सियासी पारा बढ़ा रही है। यहां बात हो रही है द्वाराहाट और सल्ट विधानसभा क्षेत्रों की। सीटिंग विधायक होने के बावजूद दोनों स्थानों पर दावेदारों की फौज पार्टी हाईकमान के लिए सिर का दर्द बनी हैं। सल्ट में कांग्रेस से छह से अधिक दावेदार मैदान में हैं, हालांकि भाजपा से भी कुछ लोग दावेदारी कर रहे हैं, लेकिन सबसे अधिक दिक्कत सत्तारूढ़ दल को द्वाराहाट विधानसभा में है, एक तो यहां पार्टी का सिटिंग विधायक है, उस पर पांच से अधिक दावेदार भी कुलांचे भर रहे हैं।
सबसे पहले बात सल्ट विधानसभा क्षेत्र की। जटिल भौगोलिक परिस्थितियों वाले इस विधानसभा क्षेत्र में वर्ष 2022 के चुनाव में कांग्रेस से सबसे अधिक दावेदार तैयारी में जुटे हुए हैं। वर्ष 2002 और 2007 में यह सीट कांग्रेस के पास थी। तब रणजीत सिंह रावत विधायक थे। वर्ष 2012 में रणजीत भाजपा के सुरेंद्र जीना से चुनाव हार गए, तब से यह सीट भाजपा के पास है। वर्ष 2017 में कांग्रेस ने यहां से पूर्व प्रमुख गंगा पंचोली को मैदान में उतारा, लेकिन वह कम अंतर से चुनाव हारी। पिछले वर्ष विधायक सुरेंद्र जीना की मृत्यु के बाद उपचुनाव में कांग्रेस ने फिर से गंगा पंचोली पर दांव खेला, लेकिन सहानुभूति लहर में वह चुनाव हार गईं। अब यहां से दावेदारों की संख्या बढ़ने लगी है।
विज्ञापन

पूर्व विधायक और कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष रणजीत रावत अपने ब्लॉक प्रमुख पुत्र विक्रम रावत के लिए टिकट मांग रहे हैं, लेकिन गंगा पंचोली का कहना है कि वह क्षेत्र में सक्रिय हैं, महिला भी हैं, उन्हें टिकट मिलना चाहिए। अब ऊंट किस करवट बैठता है देखना दिलचस्प होगा। हालांकि भाजपा से भी कुछ लोग दावेदारी कर रहे हैं।
उधर, द्वाराहाट विधानसभा में भी भाजपा के सीटिंग विधायक महेश नेगी हैं, लेकिन यहां से भी भाजपा के कई लोग दावेदारी जता रहे हैं और पूरे क्षेत्र में कई दावेदारों के पोस्टर लगे हैं। गांव भ्रमण कार्यक्रम भी चल रहा है। हालांकि द्वाराहाट से कांग्रेस से पूर्व विधायक मदन बिष्ट का टिकट लगभग तय माना जा रहा है। यहां कांग्रेस से अन्य की दावेदारी नहीं देखी जा रही है। उक्रांद से भी पूर्व विधायक पुष्पेश त्रिपाठी का टिकट भी पक्का है। दावेदारों को शांत करना भाजपा और कांग्रेस दोनों के लिए सिरदर्द बना है। संवाद
इस सीट से ये हैं दावेदार
सल्ट विधानसभा में कांग्रेस से पूर्व प्रत्याशी गंगा पंचोली, अर्जुन सिंह रावत, शोबन सिंह बोरा, यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुख विक्रम रावत, कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष कुंवर सिंह कठायत आदि।
विज्ञापन

सल्ट में भाजपा से विधायक महेश जीना, गिरीश कोटनाला, दिनेश माहरा, प्रताप रावत आदि।
द्वाराहाट में भाजपा से विधायक महेश नेगी के अलावा पलायन आयोग के सदस्य और पूर्व जिलाध्यक्ष अनिल शाही, कैलाश भट्ट, आशुतोष शाही, डॉ. विनोद छिम्वाल, बलवंत सिंह नेगी आदि।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें