अल्मोड़ा। राष्ट्रीय राजमार्ग अल्मोड़ा-कोसी-रानीखेत में कई स्थानों डामर उखड़ने से गड्ढ़े बन गए हैं। कुछ स्थानों पर पिलर ध्वस्त हो चुके हैं। गड्ढ़े भरी सड़क से यात्रा के दौरान वाहन हिचकोला लेता है। गड्ढ़ों में रपटकर कई दोपहिया लोग चोटिल हो चुके हैं। जिससे दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
अल्मोड़ा-कोसी-रानीखेत कहने को तो राष्ट्रीय राजमार्ग है लेकिन इसके हाल बेहाल हैं। पांडेखोला, स्यालीधार, देवली, सुनौला, पड्यूला, रैलाकोट, मटेला, पसेड़, हवालबाग, ज्योली, पाखुड़ा, बिमौला, खूंट, धामस, ज्योली, कनेली, कठपुड़िया, मजखाली, द्वारसों, कटारमल आदि स्थानों के लोग यात्रा करते हैं। सड़क में कई स्थानों पर डामर उखड़ने से गड्ढ़े बन गए हैं। इन गड्ढ़ों में बारिश में पानी भर जाता है। अधिक बारिश होने पर सड़क में कई स्थानों पर तालाब बन जाता है। अब तक इन गड्ढ़ों में रपटकर कई दोपहिया चालक चोटिल हो चुके हैं। हालिया बारिश से कुछ स्थानों पर सुरक्षा दीवार भी क्षतिग्रस्त हो गई है। सड़क में कई जगह पिलर भी ध्वस्त हो गए हैं। सड़क में वाहनों का भारी दबाव रहता है। इस मार्ग से अल्मोड़ा, हल्द्वानी, रानीखेत, शीतलाखेत, सोमेश्वर, कौसानी, गरुड़ समेेत कई स्थानों को वाहनों का आवागमन होता है। सुरक्षा दीवारें ध्वस्त होने से सड़क कुछ स्थानों पर संकरी हो गई है। जिससे मार्ग पर आए दिन जाम भी लगता है। वाहनों को विपरीत दिशा से आ रहे वाहन को पास देने में दिक्कतेें होती है। कई बार पास देते वक्त वाहन टकरा जाते हैं। बदहाल सड़क से यात्रा करने पर प्रसव पीड़िताओं और गंभीर मरीजों को वाहन में लाने के कारण उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। स्थानीय लोगों का कहना है राष्ट्रीय राजमार्ग का सफर भी सुरक्षित नहीं हैं। यात्रा के दौरान यात्रियों को जान का खतरा बना रहता है।
सड़क बदहाल होने से सैलानी होते हैं परेशान
अल्मोड़ा। बाहरी स्थानों से सैलानी जिले में घूमने आते हैं। अल्मोड़ा आने वाले पर्यटक आसपास के पर्यटन स्थलों के अलावा पर्यटन नगरी भी घूमने जाते हैं। अल्मोड़ा आने वाले पर्यटक राष्ट्रीय राजमार्ग अल्मोड़ा-कोसी-रानीखेत होते हुए रानीखेत पहुंचते हैं। सड़क खराब होने से सैलानियों को भारी दिक्कतें होती है। कई बारगी को सड़क की हालत देखकर सैलानी अल्मोड़ा से आगे का रूख करने पर कतरा जाते हैं। कई सैलानी रानीखेत का टूर प्लान ही रद्द कर देते हैं। सैलानियों को डर सताता है कि बदहाल सड़क से यात्रा करने पर कहीं अनहोनी न हो जाए।
बदहाल राष्ट्रीय राजमार्ग अल्मोड़ा-कोसी-रानीखेत।- फोटो : ALMORA