अल्मोड़ा। असंतुलित खानपान के कारण पथरी की समस्या लोगों में होना आम बात है लेकिन अल्मोड़ा में पुरुषों में किडनी की पथरी की समस्या बढ़ रही है। जिला अस्पताल में हर माह किडनी की पथरी से परेशान करीब 100 मरीज पहुंचते हैं, इनमें पुरुषों की संख्या करीब 60 है। वहीं, महिलाएं और युवा भी किडनी की पथरी की समस्या से जूझ रहे हैं।
गुर्दे (किडनी) की पथरी को नेफ्रोलिथिआरीस भी कहते हैं। गुर्दे की पथरी एक क्रिस्टलीय खनिज पदार्थ है जो गुर्दे या मूत्र में कहीं भी हो सकती है। एक छोटा पत्थर बिना लक्षण के मूत्र के साथ बाहर निकल जाता है लेकिन अगर पथरी पांच एमएम से अधिक बड़ी हो तो यह मूत्र मार्ग में रुकावट पैदा करती है, इससे दर्द और उल्टी जैसे लक्षण पैदा होते हैं।
अल्मोड़ा में भी पिछले कुछ समय से किडनी की पथरी के मरीज बढ़ रहे हैं। जिला अस्पताल में हर माह किडनी में पथरी की समस्या लेकर करीब 100 मरीज पहुंच रहे हैं। करीब 25 मरीज महिला, 60 पुरुष और करीब 15 युवा होते हैं। चिकित्सकों का कहना है कि असंतुलित खानपान और कुछ अन्य कारणों से किडनी में पथरी की समस्या होती है। पहाड़ों में खानपान काफी हद तक संतुलित ही होता है लेकिन उसके बाद भी लोगों में किडनी की पथरी की समस्या बढ़ रही है। खानपान के अतिरिक्त यह रोग होने के और भी कई कारण हैं।
लक्षण
- मूत्र त्याग के समय दर्द होना
- पीठ के निचले हिस्से या पेट में दर्द होना
- जी मिचलाना और उल्टी आना
- पेशाब में दुर्गंध आना
- बार- बार पेशाब आना लेकिन खुलकर पेशाब न होना
- बुखार और पसीना निकलना
बचाव
- पालक, टमाटर और साबूत अनाज का सेवन न करें।
- अधिक मात्रा में प्रोटीन और सोडियम की मात्रा ना लें
- शरीर में यूरिक ऐसिड न बढ़ने दें, नमक का सेवन भी ना करें
- पूरे दिन अधिक मात्रा में पानी का सेवन करें
कारण
- अधिक मात्रा में प्रोटीन लेना
- आंतों में विकार जैसे क्रोनिक डायरिया, गैस्ट्रिक परेशानी और क्रोहन रोग होना
- शरीर में मोटापा अधिक होना
- परिवार के इतिहास में किसी को पथरी की समस्या होना
- भोजन में सोडियम की मात्रा अधिक और कैल्शियम की मात्रा कम होना
किडनी में पथरी की समस्या वैसे तो आम है लेकिन अल्मोड़ा में किडनी में पथरी के अधिक मामले पुरुषों में मिल रहे हैं। महिलाएं और युवा भी इसकी चपेट में आ रहे हैं। इस समस्या से बचने के लिए अपने खानपान में ध्यान रखना चाहिए। और समस्या होने पर डाक्टर की सलाह लेनी चाहिए।
- अभिषेक सती, जनरल सर्जन, जिला अस्पताल अल्मोड़ा