हरी झंडी दिखाकर इंटर सिटी बस सेवा का शुभारंभ करते एआरटीओ आलोक जोशी।
- फोटो : अमर उजाला
आखिरकार शहर में इंटर सिटी बस सेवा शुरू हो ही गई। प्रायोगिक तौर पर बुधवार से दो बसों का संचालन शुरू कर दिया गया। एआरटीओ आलोक जोशी ने हरी झंडी दिखाकर बस को रवाना किया। पहले दिन दोनों बसों ने तीन-तीन चक्कर लगाए। पहले दिन करीब 80 यात्रियों ने इंटर सिटी बस में सफर किया।
लंबे समय से लोगों की मांग थी कि शहर में इंटर सिटी बस सेवा शुरू की जाए। ताकि लोगों को एक स्थान से दूसरे स्थान तक जाने में परेशानी का सामना ना करना पड़े। बुधवार को प्रायोगिक तौर पर दो बसों का संचालन शुरू कर दिया गया। जिसमें एक बस करबला से मालरोड होते हुए विकास भवन और फिर वापस लिंक रोड से करबला और दूसरी बस एनटीडी से चलकर धारानौला और वहां से करबला होते हुए मालरोड-लक्ष्मेश्वर तिराहा और फिर धार की तूनी से वापस एनटीडी तक चलाई गई। बस का किराया दो किमी तक पांच रुपये, दो से चार किमी तक सात, चार से छह किमी तक दस और छह से आठ किमी तक 12 रुपये, आठ से 10 किमी तक 14, 10 से 12 किमी तक 16 और 12 से 14 किमी तक 18 रुपये रखा गया है।
इधर पहले दिन दोनों बसों ने तीन-तीन चक्कर लगाए और करीब 1500 रुपये आय हुई। इधर एआरटीओ आलोक जोशी ने बताया कि फिलहाल एक सप्ताह तक दो रूटों पर बस चलाई जाएगी। प्रयोग सफल रहा तो सेवा को नियमित कर दिया जाएगा। इससे पूर्व उद्घाटन कार्यक्रम में सागर मेहता, कमल जोशी, दीपेश जोशी आदि मौजूद थे।