बाजार में एक व्यापारी से बाहर निकले सामान को अंदर रखने का निर्देश देते मुख्य अग्निशमन अधिकारी।
- फोटो : अमर उजाला
बाजार में आग की घटनाओं पर फौरन काबू पाने और दमकल वाहन को घुसने में आसानी हो इसका परीक्षण करने के लिए अग्निशमन विभाग और पुलिस ने बुधवार शाम को पटाल बाजार में दमकल वाहन निकालने का परीक्षण किया। पल्टन बाजार से शुरू हुए इस परीक्षण के दौरान अग्निशमन वाहन कई जगह पर अटक गया। अभियान दल ने पूरे बाजार में करीब सात-आठ स्थानों को चिन्हित करके संबंधित व्यापारियों को दो दिन के भीतर बाहर निकली झाप और अतिक्रमण हटाने के नोटिस जारी किए हैं। ताकि आग की घटना होने पर अग्निशमन वाहन बाजार में आसानी से निकल सके।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी वंश बहादुर यादव के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने थाना बाजार, जौहरी बाजार, कचहरी बाजार, चौक बाजार, लाला बाजार जगहों से होते हुए मिलन चौक तक दमकल वाहन का परीक्षण किया। इस दौरान दमकल वाहन को हुक्का क्लब, कचहरी बाजार, मस्जिद, अस्पताल और रैमजे के पास दुकानों की झाप और बाहर फैले हुए सामान के कारण निकलने में परेशानी हुई। जिससे यह बात जाहिर हुई कि आग की घटना होने पर अग्निशमन वाहन को बाजार में घुसने में दिक्कत हो सकती है। इसे देखते हुए मुख्य अग्निशमन अधिकारी वंश बहादुर यादव और कोतवाल अरुण वर्मा ने संबंधित दुकान स्वामियों को दो दिन के भीतर अतिक्रमण हटाने के निर्देश देते हुए कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी। अभियान में अग्निशमन अधिकारी गिरीश चंद्र बिष्ट, नवीन सिंह, दीपक राठौर, प्रकाश पांडे, सुंदर सिंह, ईश्वर सिंह, अरविंद कुमार आदि शामिल थे।