अल्मोड़ा कलक्ट्रेट में अपर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते युकां कार्यकर्ता। (विज्ञप्ति)
- फोटो : ALMORA
अल्मोड़ा। युवा कांग्रेस ने राज्यपाल को ज्ञापन भेजकर गुरुड़ाबाज में निर्माणाधीन हरि प्रसाद टम्टा हस्तशिल्प उन्नयन संस्थान का निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने की मांग की है। उन्होंने एडीएम बीएल फिरमाल को ज्ञापन सौंपकर आंदोलन की चेतावनी दी है।
ज्ञापन में कहा गया है कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने गरुड़ाबाज में सौ करोड़ की लागत के हरि प्रसाद टम्टा हस्तशिल्प उन्नयन संस्थान स्वीकृत किया।
स्थान चयन के बाद भूमि का समतलीकरण चहारदीवारी और कार्यालय निर्माण समेत पेयजल लाइन बिछाई गई, लेकिन कांग्रेस सरकार के सत्ता से हटने के बाद 2017 से भाजपा सरकार ने दुर्भावना वश इस संस्थान के निर्माण के लिए बजट आवंटित नहीं किया। इससे संस्थान का निर्माण अधर में लटक गया है।
इस संस्थान के बनने से युवाओं को हस्तशिल्प का प्रशिक्षण मिलता और रोजगार के अवसर बढ़ते, लेकिन भाजपा सरकार लगातार इस ओर उदासीन बनी हुई है।
चेतावनी दी कि यदि इस केंद्र का निर्माण कार्य जल्द पूरा नहीं कराया गया तो युवा कांग्रेस क्षेत्रवासियों को साथ लेकर सरकार के खिलाफ आंदोलन करने को विवश होगी।
इस अवसर पर युकां के प्रदेश सचिव देवेंद्र धौनी, जिलाध्यक्ष निर्मल रावत, ललित सतवाल, करन धौनी, पवन गैड़ा, छात्रसंघ महासचिव नवीन कनवाल आदि थे।