अल्मोड़ा/बागेश्वर। अल्मोड़ा और बागेश्वर जिले में महात्मा गांधी और लालबहादुर शास्त्री की जयंती पर उनका भावपूर्ण स्मरण कर उनकी सीखों पर अमल करने का संकल्प लिया गया। अल्मोड़ा कलक्ट्रेट में डीएम वंदना सिंह, एसडीएम चंद्र सिंह मर्तोलिया आदि ने दोनों के चित्र पर माल्यार्पण किया। डीएम ने यहां मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों को मतदाता जागरूकता की शपथ दिलाई।
पुलिस लाइन अल्मोड़ा में हुए कार्यक्रम में एसएसपी पंकज भट्ट, सीओ राजेंद्र सिंह रौतेला आदि थे। एसएसजे परिसर में स्वयंसेवियों ने स्वच्छता कार्यक्रम चलाया। भिकियासैंण में हुए कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बिष्ट, ब्लॉक प्रमुख चित्रा, कैलाश पंत आदि थे। वहीं, सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में भी कार्यक्रम हुआ। अल्मोड़ा में कांग्रेसियों ने चौघानपाटा स्थित गांधी पार्क तक पदयात्रा भी निकाली। सोमेश्वर विधानसभा के न्याय पंचायत ताकुला और बसोली में स्वतंत्रता सेनानियों के आश्रितों को सम्मानित किया गया। रमड़ा न्याय पंचायत में भी कांग्रेस कमेटी ने कार्यक्रम आयोजित किया। स्याल्दे चौराहे से तहसील मुख्यालय तक प्रभात फेरी निकालकर स्वच्छता अभियान चलाया गया। धौलछीना में गांधी जयंती के अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने अनेकों स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों को सम्मानित किया। नौगांव में भी कार्यक्रम हुआ। वहीं, मानस पब्लिक स्कूल अल्मोड़ा में हुई भाषण प्रतियोगिता में ज्योत्सना ने पहला, सिद्धि ने दूसरा, अभिलाषा ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। चित्रकला में गौरव को पहला, करन को दूसरा, आयुष को तीसरा स्थान मिला। निबंध में अभय ने पहला, दिप्ती ने दूसरा और आयुषी ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। यूकेडी जिला इकाई ने भी कार्यक्रम आयोजित किया। वहीं, भाजपा कार्यकर्ताओं ने नगर में स्वच्छता अभियान चलाया। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष रवि रौतेला, विधानसभा उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चौहान, नगर अध्यक्ष कैलाश गुरूरानी, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष ललित मोहन लटवाल आदि थे। नगर पालिका में पालिका अध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी के अध्यक्षता में नंदादेवी प्रांगण से प्रभात फेरी निकाली गई। वहां पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संगठन के अध्यक्ष कमलेश पांडे, पूर्व विधायक मनोज तिवारी आदि थे। इधर, बागेश्वर में शनिवार की सुबह छह बजे चौक बाजार से स्टेशन होते हुए नुमाइशेत तक प्रभात फेरी निकाली गई। कलक्ट्रेट में डीएम विनीत कुमार ने ध्वजारोहण किया। विकास भवन में सीडीओ डीडी पंत और अन्य कार्यालयों में विभागाध्यक्षों ने गांधी और शास्त्री के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किए। विभिन्न कार्यक्रमों में एडीएम चंद्र सिंह इमलाल, वरिष्ठ कोषाधिकारी पूरन चंद्र उप्रेती आदि थे। इधर, जिले के सरकारी, गैर सरकारी और अशासकीय विद्यालयों में भी दोनों महापुरुषों की जयंती उल्लास के साथ मनाई गई। कपकोट के राबाइंका ऐठाण में गांधी जयंती पर विधायक बलवंत सिंह भौर्याल मुख्य अतिथि रहे।
अनासक्ति आश्रम में हुई सर्वधर्म प्रार्थना सभा
बागेश्वर/गरुड़। गांधी जयंती पर राष्ट्रपिता की प्रवास स्थली कौसानी के अनासक्ति आश्रम में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। सुबह प्रभात फेरी के बाद आश्रम के प्रार्थना भवन में सर्वधर्म प्रार्थना सभा की गई। झंडा रोहण के बाद विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं के बीच निबंध और चित्रकला प्रतियोगिता कराई गई। दोपहर बाद सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। जिसमें लक्ष्मी आश्रम सहित क्षेत्र के सरकारी और गैर सरकारी विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने अपनी कला का प्रदर्शन किया। वहां पर अखिल भारतीय नाट्य अकादमी के सहायक निदेशक तेज स्वरूप सिंह, कृपाल सिंह, हर सिंह, दूरदर्शन के पूर्व अपर महानिदेशक शरद दत्त, गांधी स्मारक निधि के सदस्य एडवोकेट कृष्णा सिंह बिष्ट, देवेंद्र रौतेला, शिवराज नयाल, दिनेश नेगी आदि थे। वहीं, गरुड़ ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने पार्टी कार्यालय में गांधी जयंती समारोहपूर्वक मनाई। भाजपा ने पार्टी कार्यालय में गांधी जयंती मनायी। किसान कांग्रेस के जिलाध्यक्ष प्रकाश कोहली की टीम ने पार्टी के निर्देश पर भगरतोला में रात्रि प्रवास किया। गांधी जयंती पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के आश्रित रघुवीर सिंह, डुंगर सिंह, मंगल सिंह रावत बिशनुली देवी को सम्मानित किया। इधर, सेंट एडम्स पब्लिक स्कूल, कंट्रीवाइड, खोलिया विवेकानंद इंटर कालेज, सनराइज पब्लिक स्कूल घांघली,दीन दयाल उपाध्याय पब्लिक स्कूल, एलीट स्कूल आदि में भी कार्यक्रम हुए।
अल्मोड़ा में गांधी जयंती पर शपथ लेते विधानसभा उपाध्यक्ष और अन्य।- फोटो : ALMORA