अल्मोड़ा। पर्यटन और होटल इंडस्ट्री को बढ़ावा देने के लिए अल्मोड़ा में नौ करोड़ लागत से निर्माणाधीन फूड एंड क्राफ्ट इंस्टीट्यूट (एफसीआई) भवन का काम धीमी गति से चल रहा है। तीन साल बाद भी काम अधूरा है, जबकि भवन निर्माण का काम अगस्त 2015 में पूरा हो जाना चाहिए था। ऐसी स्थिति में एफसीआई में जल्द प्रशिक्षण शुरू होने की उम्मीद नहीं है।
भारत सरकार ने 2009 में अल्मोड़ा में फूड क्राफ्ट इंस्टीट्यूट को मंजूरी दी। पर्यटन विभाग ने भवाली मार्ग में लोधिया के पास देवली-बर्शिमी मे भूमि चयनित की। वन भूमि की स्वीकृति समेत अन्य औपचारिकता पूरी होने के बाद पर्यटन विभाग के नाम पर इस स्थान पर 1.304 हेक्टेयर (65 नाली) भूमि हस्तांतरित हुई।
प्रदेश सरकार ने एफसीआई के भवन निर्माण के लिए उत्तराखंड राज्य अवस्थापना विकास निगम को निर्माण एजेंसी नामित किया। निगम ने मार्च 2013 में भवन निर्माण के लिए निविदाएं आमंत्रित की। जून 2013 में एफसीआई भवन का निर्माण कार्य शुरू हुआ। नौ करोड़ लागत के इस कार्य को अगस्त 2015 में पूरा हो जाना चाहिए था, लेकिन निर्धारित समय से एक साल अधिक बीतने पर भी काम अधूरा है।
एफसीआई के भवन निर्माण में पांच करोड़ रुपये खर्च हो चुके हैं। अक्तूबर के बाद निगम को शेष चार करोड़ रुपये नहीं मिले हैं। केंद्र सरकार से 2.75 करोड़, राज्य सरकार से 1.25 करोड़ मिलने शेष हैं। बजट के अभाव में भवन निर्माण की गति धीमी है।
यह संस्थान बनने के बाद क्षेत्र में होटल, पर्यटन उद्योग को बढ़ावा मिलने के साथ ही इस उच्च तकनीकी संस्थान से प्रशिक्षण लेने के बाद युवा देश, विदेश में रोजगार कर सकेंगे, लेकिन समय पर काम पूरा न होने से युवाओं को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। विभाग के अवर अभियंता गणेश आर्या ने बताया कि फिनिशिंग, चहारदीवारी, संपर्क मार्ग बनना बाकी। बजट मिलने पर इस साल के अंत तक भवन निर्माण का काम पूरा कर लिया जाएगा।