बेढुली में इस तरह से जलकर राख हुए हैं घास के लुट्टे। संवाद
- फोटो : RANIKHET
द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। बेढुली में एक गोशाला में अचानक आग लग गई। आग से वहां बंधे दो मवेशियों की झुलसकर मौत हो गई। जानवरों के चारे के लिए लगाए गए घास के चार लुट्टे भी आग की भेंट चढ़ गए। इधर, राजस्व पुलिस ने मौके का मुआयना कर लिया है।
बेढुली निवासी प्रयाग दत्त पंत के घर से 50 मीटर की दूरी पर गोशाला है। रविवार देर रात गोशाला में अचानक आग लग गई। गोशाला के अंदर एक गाभिन गाय और बछिया बंधी थी। आग में झुलसने से दोनों की मौत हो गई। आग से घास के चार लुट्टे भी जल गए। सुबह तीन बजे जब मकान स्वामी बाहर आए तो उन्हें इसकी जानकारी हुई। चीखने-चिल्लाने पर आसपास के लोगों ने आकर बमुश्किल आग बुझाई लेकिन तब तक सब कुछ जल गया था। उप राजस्व निरीक्षक नीरजा जोशी और वन विभाग की कर्मचारी अंजू ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रधान सीनू आर्या सहित तमाम ग्रामीणों ने प्रभावित पशुपालक को मुआवजा दिलाने की मांग की है।