रानीखेत (अल्मोड़ा)। हल्द्वानी स्टेट हाईवे पर बमस्यूं के पास रविवार को संदिग्ध हालत में पड़े मिले अर्जुन के शव मामले में परिजनों ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। उन्होंने अर्जुन के एक दोस्त पर भी शक जताया है।
रविवार को बमस्यूं क्षेत्र में एक युवक का शव बरामद हुआ था। उसकी जेब से मिले आधार कार्ड के आधार पर पहचान अर्जुन पुत्र शिवचरण 35 निवासी द्वाराहाट के रूप में हुई थी। बड़े भाई नरेश कुमार ने बताया था कि अर्जुन पॉलीटेक्निक कॉलेज द्वाराहाट में पर्यावरण मित्र के तौर पर कार्यरत था। नरेश कुमार की तरफ से दी गई तहरीर में कहा गया है कि रविवार को अर्जुन मुरादाबाद स्थित अपने ससुराल जाने के लिए 30 हजार रुपये लेकर घर से निकला था। उन्होंने आशंका जताई कि अर्जुन की हत्या की गई है। उन्होंने अर्जुन के एक मित्र भी शक जताया है। उनका कहना है कि दोस्त भी तब से फरार चल रहा है। उन्होंने आशंका जताई है कि लूटपाट के बाद हत्या कर दी गई हो।
मृतक के भाई नरेश कुमार की तहरीर के बाद अज्ञात के खिलाफ 302 के तहत हत्या का मुकदमा दर्ज कर दिया गया है। परिजन दोस्त पर शक जता रहे हैं। दोस्त की भी तलाश की जाएगी।
-निशा रानी, प्रभारी तहसीलदार रानीखेत।