चौखुटिया (अल्मोड़ा)। मासी में पुरस्कार वितरण के साथ ही सात दिवसीय सोमनाथ मेले का समापन हो गया है। इससे पूर्व आयोजित तहसील स्तरीय बहुउद्देश्यीय शिविर में 35 शिकायतें दर्ज की गईं। इस दौरान 11 श्रवण यंत्र, 5 छडी और एक-एक बैसाखी और व्हील चेयर बांटी गई।
समापन मौके पर मेले के दौरान प्रतिभाग करने वाली सभी सांस्कृतिक टीमों और अन्य लोगों को पुरस्कार वितरित कर सम्मानित किया गया। इस मौके पर मेला समिति अध्यक्ष हीराबल्लभ मासीवाल, सचिव प्रकाश उपाध्याय, भूपेंद्र राणा, सुभाष बिष्ट, चंद्रप्रकाश फुलोरिया और हेम उपाध्याय सहित विभिन्न ग्राम पंचायतों के प्रधान और अन्य लोग मौजूद थे। संचालन करते हुए मेला समिति के सचिव प्रकाश उपाध्याय ने सहयोग के लिए लोगों का आभार जताया।
इससे पहले मेला परिसर में उपजिलाधिकारी सल्ट गोपाल राम बिनवाल की अध्यक्षता में आयोजित तहसील स्तरीय बहुउद्देश्यीय शिविर में वृद्धावस्था पेंशन के चौदह, विधवा पेशन के चार और पारिवारिक पेंशन के तीन फार्म भरे गए। इस मौके पर तहसीलदार ओमवीर और बीडीओ बृजमोहन गुरुरानी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचरी आदि मौजूद थे। इस दौरान स्टाल भी लगाए गए थे।