अल्मोड़ा। बीएसएनएल की लचर सेवा ने उपभोक्ताओं को लगातार परेशान कर रखा है। नगर समेत ग्रामीण इलाकों में पिछले कुछ समय से बीएसएनएल सेवा का उपयोग कर रहे उपभोक्ताओं को न तो फोन पर आवाज सुनाई दे रही और न लंबे समय तक बात हो पा रही है।
इसके अलावा ब्रॉडबैंड सेवा भी लगातार प्रभावित है। जिससे इंटरनेट सेवा का उपयोग कर रहे उपभोक्ताओं के अलावा व्यापारियों को भी खासा नुकसान उठाना पड़ रहा है। पर्वतीय क्षेत्र में अधिकांश लोग बीएसएनएल के उपभोक्ता हैं, लेकिन यह संचार सेवा पिछले काफी समय से लोगों को सुविधा उपलब्ध कराने में नाकाम साबित हो रही है।
उपभोक्ताओं की शिकायत है कि फोन करने पर या तो दूसरी तरफ से आवाज नहीं सुनाई देती या फिर बात करने से पहले ही फोन कट जाता है। कई बार फोन करने के बाद ही बात हो पा रही है। शहर के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में भी यही दिक्कत आ रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि कई बार फोन करने के बाद लोगों से बात हो पा रही लेकिन तब तक उनका पैसा काफी कट चुका होता है। कई बार सिग्रल नहीं मिलने के कारण फोन पर बात ही नहीं हो पाती है। इधर रिचार्ज कराने वाले व्यवसायी भी इससे प्रभावित हो रहे हैं। व्यापारियों का कहना है कि रिचार्ज कराने पहुंच रहे ग्राहकों को काफी इंतजार करना पड़ रहा है। साइबर कैफै चलाने वाले अधिकांश व्यापारी बीएसएनएल की ब्रॉडबैंड सेवा से नाराज हैं।