अल्मोड़ा के गुरुड़ाबांज में आयोजित सम्मान समारोह को संबोधित करते पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत।
- फोटो : ALMORA
अल्मोड़ा। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि वे सत्ता में आएंगे तो घरेलू गैस सिलिंडर पर 200 रुपये सब्सिडी देंगे। रावत बांग्लादेश मुक्ति संग्राम में भारतीय सेना की जीत के 50 वर्ष पूरे होने पर पार्टी की ओर से गुरुड़ाबांज खेल मैदान में आयोजित सैनिक सम्मान समारोह में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। कांग्रेस सत्ता में आई तो सरकारी विभागों में रिक्त पदों पर नियुक्ति की जाएगी। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना दुनिया की सर्वश्रेष्ठ सेना है और इसका अतीत गौरवशाली रहा है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रति वर्ष 10 हजार नए पद सृजित करेगी। घरेलू गैस सिलिंडर पर 200 रुपये सब्सिडी और बिजली का बिल माफ करने की भी घोषणा की। उन्होंने भाजपा पर राज्य की 75 हजार महिलाओं की पेंशन समाप्त करने, मंडुवा-झिंगोरे आदि पर मिलने वाले बोनस राशि को समाप्त करने का आरोप लगाया। समारोह में धौलादेवी, लमगड़ा ब्लाकों के 215 पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया गया।
आयोजक विधायक गोविंद सिंह कुंजवाल ने कहा कि कांग्रेस सरकार में जागेश्वर विधानसभा क्षेत्र का अभूतपूर्व विकास हुआ। आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने मुंशी हरिप्रसाद टम्टा शिल्प उन्नयन संस्थान का निर्माण कार्य रोक दिया है। इसके चालू होने से 10 हजार युवाओं को रोजगार मिलता।
वहां पर राज्यसभा सदस्य प्रदीप टम्टा, कांग्रेस जिलाध्यक्ष पीतांबर पांडेय, पूर्व विधायक मनोज तिवारी, पूर्व पालिकाध्यक्ष पिथौरागढ़ जगत खाती, पूरन बिष्ट, दीवान सतवाल, शेर राम आर्य, आनंद प्रसाद आदि थे। इधर, रावत को कार्यक्रम में एक बजे पहुंचना था लेकिन वे शाम तीन बजे पहुंचे। वहीं, कार्यक्रम में 132 लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।