कैंचीधाम के पास पर्यटकों को सुरक्षित रेस्क्यू करती सेना।
- फोटो : RANIKHET
रानीखेत (अल्मोड़ा)। आपदा में हाईवे पर फंसे यात्रियों के लिए रानीखेत घिंघारीखाल स्थित डोगरा रेजीमेंट के जवान मसीहा बनकर आए। यात्रियों निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के कार्य को 150 जवानों ने बखूबी अंजाम दिया। खैरना और कैंचीधाम में बचाव और राहत अभियान चलाते हुए सैन्य अधिकारियों और जवानों ने कैंचीधाम और खैरना में फंसे यात्रियों को निकटवर्ती स्कूलों और आवासीय परिसरों में टेंट लगाकर ठहराया। यहां पर इनके लिए भोजन की भी व्यवस्था की गई।
यात्रियों के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए सेना की मेडिकल टीम भी वहां पहुंची हुई थी। मंगलवार देर रात तक अभियान चलता रहा। भूखे प्यासे बच्चों, महिलाओं और अन्य नागरिकों के लिए फूड पैकेट, पानी की बोतलें उपलब्ध कराई गईं। रविवार की शाम शुरू हुई भारी बारिश से रानीखेत-खैरना, खैरना-अल्मोड़ा सहित प्रमुख मार्ग बाधित हो गए हैं। नैनीताल जिले के खैरना क्षेत्र में आपदा से हालात बेकाबू हो गए थे। नैनीताल प्रशासन ने सेना से बचाव और राहत कार्य चलाने का अनुरोध किया था। आदेश मिलने के 30 मिनट के भीतर ही डोगरा रेजीमेंट की टीम खैरना पहुंच गई थी।
आपदा प्रभावितों की मदद में जुटे सेना के अधिकारी और जवान।- फोटो : RANIKHET