अल्मोड़ा। पांच से 12 साल के बच्चों को कोविड टीका लगाने के निर्णय से बच्चों और अभिभावकों में खुशी है। कोरोना काल में बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावक खासे चिंतित थे, हालांकि अब उन्हें इस बात की भी खुशी है कि बच्चों का टीकाकरण जल्द शुरू होने वाला है।
कोविड संक्रमण से कई लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है। कोराना का खौफ अभी भी बना हुआ है। खासकर जिन लोगों का टीकाकरण नहीं हुआ उन्हें ज्यादा खतरा बना हुआ है। अभी बच्चों का टीकाकरण नहीं हुआ है, जिस कारण अभिभावक भी बच्चों के टीकाकरण को लेकर चिंतित है। बच्चे और अभिभावकों को अब टीकाकरण का इंतजार है। सरकार के पांच से 12 साल तक के बच्चों को कोरोना टीका लगाए जाने का अभिभावकों ने स्वागत किया है। अभिभावकों ने कहा कि टीकाकरण अभियान में वह शत प्रतिशत भागीदारी करेंगे। अपने बच्चों को तो टीका लगाएंगे ही साथ ही आसपास के बच्चों को भी टीका लगाने के लिए जागरूक करेंगे।
सरकार कोरोना से बचने के लिए टीकाकरण कराने पर जोर दे रही है। अब पांच से 12 साल तक बच्चों के टीकाकरण बारी है। सभी अभिभावकों से अपील है कि पांच से 12 साल के बच्चों को अधिक से अधिक टीका लगाएं। इससे वे कोरोना से सुरक्षित रह सकेंगे। सामूहिक सहभागिता से टीकाकरण अभियान को सफल बनाया जा सकता है। टीकाकरण के लिए बच्चों को प्रेरित करें।
सीपी भैसोड़ा, प्राचार्य मेडिकल कालेज अल्मोड़ा
क्षेत्र के सभी भाइयों, बहनों और अभिभावकों से मेरी अपील है कि पांच से 12 साल के बच्चों को कोविड टीका जरूर लगाएं। टीकाकरण ही कोरोना से बचाव है। टीका लगने से बच्चों को महामारी से सुरक्षा कवच मिलेगा। अभिभावकों और लोगों की जागरूकता से ही हम शत प्रतिशत टीकाकरण के लक्ष्य को पूरा करने में सफल रहेंगे। टीकाकरण में बढ़चढ़ कर भाग लें।
बबीता भाकुनी, ब्लॉक प्रमुख हवालबाग अल्मोड़ा
सब करें भागीदारी, अनिवार्य टीकाकरण जिम्मेदारी हमारी
बागेश्वर। पांच से 12 साल के बच्चों के टीकाकरण को लेकर जहां विभाग तैयारियों में जुटा है, वहीं लोगों में भी नौनिहालों को टीका लगाने के लिए उत्साह है। समाज के विभिन्न संगठनों से लगातार लोगों से छोटे बच्चों का टीकाकरण कराने की अपील की जा रही है। अमर उजाला के स्वास्थ्य अभियान के माध्यम से जिले के समाजसेवियों और प्रबुद्घजनों ने भी जिले के सभी अभिभावकों से टीकाकरण शुरु होते ही अपने पांच से 12 साल के बच्चों को अनिवार्य रूप से कोविड रोधी टीका लगाने की अपील की है।
रेडक्रॉस सोसायटी कोविड काल से लेकर टीकाकरण अभियान तक अपने स्तर से लोगों को संक्रमण से बचाव के लिए जागरूक करती रही है। पांच से 12 साल तक के बच्चों का टीकाकरण कराने के लिए जिले के अभिभावकों को प्रेरित किया जा रहा है। सभी के सहयोग से इस मुहिम को सफल बनाया जाएगा।
संजय साह जगाती, चेयरमैन रेडक्रॉस सोसायटी बागेश्वर
कोविड महामारी ने पिछले वर्षों में बच्चों के बचपन को नीरस किया है। सरकार ने अब पांच से 12 साल के बच्चों का टीकाकरण कराने का निर्णय लिया है। सभी अभिभावकों से अनुरोध है कि वह अपने छोटे बच्चों को टीका लगाकर सुरक्षित भविष्य प्रदान करें।
किशन सिंह मलड़ा, वृक्ष पुरुष बागेश्वर
कोविड महामारी से बचाव का एकमात्र उपाय टीकाकरण है। सभी अभिभावकों को अपने बच्चों को संक्रमण से मुक्त रखने और खुशहाल बचपन प्रदान करने के लिए कोविड रोधी टीका लगाना है। सबकी भागीदारी और जिम्मेदारी से ही अभियान सफल होगा।
उमेश जोशी, सामाजिक कार्यकर्ता कपकोट