अल्मोड़ा। लिंटर पर जमा बारिश का पानी हटाते वक्त हाइटेंशन लाइन की चपेट में आकर युवक की मौत हो गई। राजस्व पुलिस ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
नायल निवासी चंद्रशेखर पांडे (30) पुत्र स्व. तारा दत्त पांडे रविवार को फुलई जागेश्वर में अपने रिश्ते के मामा पूरन भट्ट के घर गया था। बृहस्पतिवार को मामा के घर के लिंटर पर बारिश का पानी जमा हो गया था। चंद्रशेखर पानी हटाने गया।
इस बीच वहां रखी सरिया मकान के ऊपर से गुजर रही हाइटेंशन लाइन से टकरा गई और करंट की चपेट में आकर चंद्रशेखर की मौके पर ही मौत हो गई।
कोटुला के राजस्व उपनिरीक्षक गोपाल सिंह बिष्ट और दन्या के थानाध्यक्ष संतोष देवरानी ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए अल्मोड़ा भेज दिया।
करबला के पास मिला अधेड़ का शव
अल्मोड़ा। करबला में दुकान के पीछे पार्किंग के पास बृहस्पतिवार शाम दुकानदार को एक शव दिखा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया।
कोतवाल अरुण कुमार ने बताया कि व्यक्ति की उम्र करीब 50 साल होगी। शव कब्जे में लेकर शिनाख्त के लिए मोर्चरी में रख दिया गया है।