मौलेखाल (अल्मोड़ा)। चमोली जिले के गैरसैंण से पांच जून से लापता बुजुर्ग का शव सल्ट क्षेत्र के जंगल में मिला। परिजनों ने कपड़ों और शरीर के हुलिए के आधार पर उसकी शिनाख्त की।
सोमवार सुबह ग्राम प्रहरी किशन सिंह ने सल्ट थाना पुलिस को ग्राम कलझीपा रजवार के पास कुलसेरा जंगल में शव पड़े होने की सूचना दी। थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह राणा टीम के साथ मौके पर पहुंचे। शव सड़ी गली अवस्था में सराईखेत डोटियाल रोड से करीब 800 मीटर ऊपर जंगल में पड़ा था। पुलिस को शव के पास कुछ कपड़े और जूते मिले। शव की शिनाख्त ग्राम रोहिड़ा थाना गैैरसैंण जिला चमोली निवासी अमर सिंह कंडारी (69) पुत्र स्व. बख्तावर सिंह कंडारी के रूप में हुई। थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह राणा ने बताया कि अमर सिंह पांच जून से अपने घर से लापता थे। काफी खोजबीन के बाद भी उनका कोई सुराग न मिलने पर परिजनों ने 10 जून को गैरसैंण थाने में उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। शव की हालत देखकर यह अंदेशा लगाया जा रहा है कि किसी जंगली जानवर ने नोचा है।