भनोली तहसील के सालजाड़ा गांव में करीब सात महीने पहले हुए तिहरे हत्याकांड का जल्द खुलासा होने की उम्मीद है। सूत्रों के मुताबिक पुलिस ने हत्याकांड में शामिल दो संदिग्ध लोगों को हिरासत में ले लिया और उनसे पूछताछ की जा रही है। हालांकि पुलिस के अधिकारी इस बारे में फिलहाल कुछ नहीं बोल रहे हैं। हालांकि पुलिस ने मामले का जल्द पर्दाफाश करने का दावा किया है।
भनोली तहसील के अंतर्गत गल्ली गांव के निकट बुजुर्ग दंपति प्रेम सिंह, धनुली देवी और उनके 13 वर्षीय पोते अंकित की घर के भीतर ही नृशंस हत्या कर दी गई थी। घटना के कुछ दिन बाद 30 जुलाई को राजस्व पुलिस ने घर के भीतर से तीनों के शव बरामद किए थे। राजस्व पुलिस द्वारा पुलिस कार्य के बहिष्कार के चलते जिलाधिकारी विनोद कुमार सुमन ने इस मामले को रेगुलर पुलिस को स्थानांतरित कर दिया था।
पुलिस ने जांच टीम गठित कर कई स्थानों पर दबिश दी, लेकिन सफलता नहीं मिली। हत्यारों का पता लगाने को क्षेत्र के लोग कई बार प्रदर्शन भी कर चुके हैं। पुलिस को शुरुआत से ही इस मामले में कुछ नेपाली मजदूरों के शामिल होने का संदेह था। बताया जाता है कि पुलिस टीम संदिग्धों की तलाश में दो बार नेपाल भी पहुंची थी। सूत्रों के अनुसार पुलिस ने गहन छानबीन के बाद दो संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ चल रही है। पुलिस के अधिकारी इस बारे में कुछ नहीं बता रहे हैं। हालांकि उनका दावा है कि मामले का जल्द ही खुलासा होगा।