पत्नी की हत्या में पकड़ा गया आरोपी।
- फोटो : amar ujala
क्षेत्र में राज मिस्त्री का काम करने वाला मुरादाबाद निवासी एक व्यक्ति दो सप्ताह पहले अपनी गर्भवती पत्नी को घुमाने के बहाने मौलेखाल लाया और अपने दो साथियों के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी। आरोपियों ने शव को निकटवर्ती कालीगांव के जंगल में ठिकाने लगा दिया। फिर अगले दिन थाना भगतपुर मुरादाबाद में पत्नी की गुमशुदगी दर्ज करा दी। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर जंगल से शव बरामद कर लिया है।
मौलेखाल इलाके में राज मिस्त्री का काम करने वाले नवाब अली पुत्र नवसे अली निवासी उदमावाला थाना भगतपुर (मुरादाबाद) अपनी पत्नी रोशन जहां (26) के चाल-चलन पर शक करता था। बीते 27 सितंबर को वह पत्नी को घुमाने के बहाने मौलेखाल ले आया। फिर एक दिन पत्नी को बहला फुसलाकर जंगल की तरफ ले गया। उसके साथ मुरादाबाद निवासी उसके दो साथी सलमान पुत्र हजूरे आलम और मो. अली पुत्र छोटे मियां भी थे। तीनों ने मिलकर रोशन जहां की गला घोंटकर हत्या कर दी और शव कालीगांव के जंगल में ठिकाने लगा दिया। आरोपी नवाब अली ने अगले दिन थाना भगतपुर मुरादाबाद पहुंचकर थाने में पत्नी की गुमशुदगी दर्ज करा दी। मृतका के पिता हनीफ अहमद ने भी बेटी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस बीच, आरोपी चालाकी दिखाते हुए आए दिन थाने पहुंचकर पत्नी को तलाशने की मांग करता रहा।
इस बीच, पुलिस ने मृतका रोशन जहां और आरोपी के फोन कॉल की डिटेल खंगालनी शुरू कर दी। जिसमें 27 सितंबर को दोनों की लोकेशन मौलेखाल में मिली। इसके बाद पुलिस ने रोशन जहां के पति नवाब अली से सख्ती से पूछताछ की तो उसने हत्या की बात कबूल कर ली। इसके बाद थाना भगतपुर मुरादाबाद से एसआई विकास यादव के नेतृत्व में पुलिस की टीम मौलेखाल पहुंची और उन्होंने आरोपी की निशानदेही पर जंगल से रोशन जहां का शव बरामद कर लिया। इतने दिनों तक शव बुरी तरह खराब हो चुका था। क्षेत्रीय पटवारी हंसा दत्त सत्यवली ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए रानीखेत भेजा गया है। मामले को लेकर मुरादाबाद पुलिस जांच कर रही है।