नगर से लगे खत्याड़ी क्षेत्र में चोराें ने रात में तीन दुकानों के ताले तोड़कर 15 हजार से अधिक की नकदी चुरा ली। प्रभावित दुकानदारों ने बेस अस्पताल स्थित पुलिस चौकी में तहरीर देकर चोरों को पकड़ने की मांग की है। क्षेत्र में बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर ग्रामीणों ने रोष जताया। ग्रामीणों ने बैठक कर चेतावनी दी है कि यदि पुलिस ने चोरों को जल्द गिरफ्तार नहीं किया तो 23 फरवरी को एसपी कार्यालय में प्रदर्शन करेंगे।
शुक्रवार रात चोरों ने खत्याड़ी में प्राथमिक स्कूल के पास डूंगर सिंह के रेस्टोरेंट के ताले तोड़ डाले। चोर भीतर से करीब 10 हजार की नकदी और कुछ रेजगारी ले गए। चोरों ने मल्ली खत्याड़ी किशन सिंह की जनरल स्टोर की दुकान को भी निशाना बनाया। चोर दुकान का ताला तोड़कर करीब तीन हजार रुपए ले गए। साथ में दुकान का गुल्लक भी ले गए। शनिवार सुबह गुल्लक बेस अस्पताल के निकट बाजार में पड़ा मिला।
चोरों ने तल्ली खत्याड़ी में किशन सिंह की दुकान के बाहर लगे शटर के ताले भी तोड़ दिए लेकिन अंदर शटर का ताला नहीं खोल सके। दुकानदारों ने पुलिस को तहरीर देकर चोरों को पकड़ने की मांग की है। सूचना मिलने के बाद बेस पुलिस ने दुकानों का मुआयना किया। पुलिस ने जल्द ही मामले का पर्दाफाश कर चोरों को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया।
बेस क्षेत्र में चोरी की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं।
कुछ महीने पहले ही चोर कई दुकानों और डाक्टरों के आवासों के ताले तोड़कर काफी सामान ले उड़े थे, लेकिन आज तक किसी भी मामले का खुलासा नहीं हो सका है। इधर खत्याड़ी के ग्रामीणों ने बैठक कर चोरी की बढ़ती घटनाओं पर रोष जताया है। उन्होंने 23 फरवरी को एसपी कार्यालय में प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। बैठक में जिला पंचायत सदस्य जगत कनवाल, बीडीसी सदस्य आनंद सिंह, ग्राम प्रधान हरीश कनवाल, प्रताप कनवाल, भूपेंद्र सिंह, हर्ष कनवाल, विशन सिंह, ममता कनवाल, कलावती आदि मौजूद थे।